मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नव वर्ष 2022 के आगमन की सभी नागरिकों को हार्दिक बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने नव वर्ष में सभी के सुखी और समृद्ध होने की कामना करते हुए कहा कि कोरोना जैसे संकट को दूर करने में हम सब मिलकर कार्य करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के आत्म-निर्भर भारत के संकल्प को साकार करने के लिए हम सभी आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश के निर्माण में सहभागी बनें।

मुख्यमंत्री चौहान ने नव वर्ष पर कार्यक्रमों में कोरोना से बचाव की पूरी सावधानियों के साथ सम्मिलित होने का आह्वान किया है।

 

नववर्ष में समर्थ, समृद्ध, सशक्त राष्ट्र निर्माण का संकल्प लें : राज्यपाल पटेल

राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने प्रदेशवासियों को नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने कहा कि नववर्ष सभी के लिए सुख, शांति, सद्भाव समृद्धि एवं सफलताओं का वर्ष हो। उन्होंने प्रदेश की सुख, समृद्धि की कामना करते हुए नागरिकों से सशक्त, समर्थ और समृद्ध राष्ट्र निर्माण के प्रयासों में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने की अपील की है।

राज्यपाल श्री पटेल ने नववर्ष के शुभकामना सन्देश में कहा है कि देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। नववर्ष का स्वागत स्वच्छ, स्वावलंबी, समर्थ, समृद्ध नवराष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ करें। प्रदेश के ग्रामीण, पहुँचविहीन क्षेत्रों, गरीब और वंचित वर्ग के जीवन में खुशहाली के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वावलंबन के प्रयासों में सहयोग करें। सबका साथ, विश्वास और प्रयासों से समावेशी समाज का निर्माण करें।