उत्तर प्रदेश की राजनीति में मंगलवार के दिन काफ़ी बड़ा बदलाव देखा गया। कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। स्वामी प्रसाद मौर्य ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को अपना इस्तीफा दे दिया है। इसके साथ ही स्वामी प्रसाद मौर्य भारतीय जनता पार्टी (bjp) छोड़कर समाजवादी पार्टी (सपा) में शामिल हों सकते हैं।

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को लिखे अपने त्याग पत्र में स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा, "श्रम और रोजगार और समन्वय मंत्री के रूप में विपरीत परिस्थितियों और विचारधारा में रहने के बावजूद, मैंने अपनी जिम्मेदारी को बहुत मेहनत से निभाया है, लेकिन दलित, पिछड़े किसान, बेरोजगार युवा और छोटे और मध्यम स्तर के व्यापारियों के साथ हुए घोर उपेक्षित रवैये के कारण मैं उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे रहा हूँ।

स्वामी प्रसाद मौर्य के कैबिनेट मंत्री पद से इस्तीफे के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उनके साथ एक तस्वीर साझा की और लिखा, सामाजिक न्याय और समता-समानता की लड़ाई लड़ने वाले लोकप्रिय नेता श्री स्वामी प्रसाद मौर्या जी एवं उनके साथ आने वाले अन्य सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों का सपा में ससम्मान हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन !