भोपाल। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने बच्चों के स्वास्थ्य संबंधी दो पोर्टलों पर अलग-अलग डाटा होने की गलती पकड़ी है तथा अब इसे सुधारने के आदेश जारी किये हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन मप्र की संचालक प्रियंका दास ने इस संबंध में जारी आदेश में कहा है कि वर्तमान में स्वास्थ्य सेवाओं की मनीटरिंग किये जाने हेतु हेल्थ मेनेजमेंट इनफारमेशन सिस्टम-एचएमआईएस एवं रिप्रोडक्टिव एण्ड चाईल्ड हेल्थ-आरसीएच अनमोल पोर्टल का उपयोग किया जा रहा है।
उपरोक्त दोनों पोर्टल के डाटा के आंकड़ों में भिन्नता होने कारण विश्लेषण में कठिनाई होती है तथा जिलों से भी समन्वय स्थापित नहीं हो पा रहा है। इसलिये एचएमआईएस के उप संचालक डॉ. अश्विन भागवत को आदेशित किया जाता है कि वे तथा एचएमआईएस का समस्त स्टाफ अपने कार्य के साथ-साथ आरसीएच पोर्टल का कार्य भी संपादित करेंगे।
आदेश में कहा गया है कि आरसीएच पोर्टल में डाटा प्रविष्टि की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ एचएमएआईएस एवं आरसीएच पोर्टल के डाटा का गेप एनालिसिस जिलों से समन्वय कर सुधारा जाये। मिशन संचालक एवं कार्यक्रम अधिकारियों की अपेक्षाओं के अनुसार आवश्यकता आधारित डाटा प्रदान किया जाये।
आरसीएच डाटा विश्लेषण हेतु उप संचालक एचएमआईएस एवं एचएमआईएस टीम के समृद्ध विषय ज्ञान एवं अनुभव को उपयोग में लाया जाये। साथ ही उप संचालक आईटी आरसीएच पोर्टल सुनील मुकाती के साफ्टवेयर संबंधित मुद्दों के निराकरण के साथ तकनीकी स्तर पर एमपी अनमोल एप्लीकेशन के समुचित कार्य को सुनिश्चित किया जाये, नवीन आवश्यकताओं का संपादन किया जाये, आरसीएच अनमोल पोर्टल का उचित रखखाव किया जाये और जिला स्तर पर साफ्टवेयर संबंधित प्रशिक्षण दिया जाये।