भोपाल. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने भाजपा की सोशल मीडिया का मुकाबला करने के लिए बाल कांग्रेस का गठन का ऐलान किया है. नाथ की घोषणा के 2 महीने बीत गए अब तक बाल कांग्रेस के लिए पदाधिकारी नहीं मिल पाए. बाल कांग्रेस में अब पार्टी नेताओं के संतानों को शामिल करने पर विचार किया जा रहा है.

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने इंदौर के लक्ष्य गुप्ता बाल कांग्रेस का कैप्टन बनाया है. जबकि प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष चंद्रप्रभाष शेखर के नाती शुभम शेखर को बाइक कैप्टन बनाया गया. बाल कांग्रेस के अन्य पदाधिकारियों की तलाश हो रही है. चूंकि बाल कांग्रेस से कोई भी किशोर नहीं जोड़ पा रहा है, इसलिए कांग्रेस के सभी विधायकों एवं जिला अध्यक्षों को पत्र लिखकर परिवार के बच्चों को बाल कांग्रेस से जोड़ने का आग्रह किया गया है. इसके लिए एक महीने का समय भी दिया गया है.

सभी जिला अध्यक्षों से इस बात की जानकारी भी मांगी गई है कि पार्टी के किन-किन नेताओं के स्कूल संचालित हो रहे हैं. बाल कांग्रेस के कैप्टन लक्ष्य गुप्ता ने इस बात की पुष्टि करते हुए बताया कि पार्टी नेताओं द्वारा संचालित स्कूल में बच्चों के जोड़ने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी. उनके मन में कांग्रेस की प्रति आस्था जगाने के लिए स्कूलों में गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा.

एनपी प्रजापति के बेटे को बनाया समन्वयक
 बाल कांग्रेस के प्रभारी पूर्व मंत्री बाला बच्चन को बनाया गया है. इसके अलावा चार समन्वयक बनाए गए हैं. हालांकि समन्वयकों में अधिकांश की उम्र बाल कांग्रेस के लिए तय आयु सीमा (16 से 20) से अधिक है. समन्वयक भी नेता पुत्र ही बने हैं. इनमें पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एमपी प्रजापति के बेटे नील प्रजापति शामिल है. यानी अनिल प्रजापति की राजनीतिक पारी की शुरुआत बाल कांग्रेस के समन्वयक के रूप में शुरू हो गई है.