मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि सीएम राइज स्कूलों को मॉडल के रूप में स्थापित कर शुरु कराने का कार्य प्राथमिकता से करें। शिक्षा की गुणवत्ता अच्छी बनाये रखने और बच्चों को बेहतर भविष्य देना हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री चौहान आज मंत्रालय में स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा कर रहे थे। स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) इंदर सिंह परमार, मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, प्रमुख सचिव श्रीमती रश्मि शमी सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
शिक्षकों की भर्ती सुनिश्चित करें
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि निर्धारित मापदंड के अनुसार शिक्षकों की भर्तियाँ शुरु की जायें। उन्होंने कहा कि राज्य की परिस्थितियों को ध्यान में रखकर शिक्षकों का चयन किया जाये। प्रशिक्षण देकर शिक्षकों की कौशल क्षमता का विकास करें।
प्रतिभाशाली बच्चों की प्रतिभा संवारें
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिभाशाली बच्चों की प्रतिभा संवारने के लिए व्यवस्थित योजना बनाकर क्रियान्वयन करें। व्यवसायिक शिक्षा के पाठ्यक्रम संचालित हों। भारतीय संस्कारों को ध्यान में रखकर प्रशिक्षण संस्थानों का सुदृढ़ीकरण करें।
विशेषज्ञों की सलाह लें
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि विशेषज्ञों की सलाह के माध्यम से शैक्षणिक पाठ्यक्रमों और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाएँ। समग्र शिक्षा अभियान में अच्छा कार्य चल रहा है। ऐसे प्रयास करें कि शिक्षा के क्षेत्र में मध्यप्रदेश के कार्यों का अनुसरण अन्य राज्य भी करें। शिक्षा का स्तर बेहतर बनायें। स्कूल भवनों का गुणवत्तापूर्ण निर्माण हो।
पीपीपी मोड पर खुलें सैनिक स्कूल
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में पीपीपी मोड पर सैनिक स्कूल खोले जायें। लोगों को प्रोत्साहित कर सैनिक स्कूल खोलने की कार्यवाही हो। सीएम राइज स्कूलों को नई शिक्षा नीति से जोड़कर कार्य किया जाये। विभाग की प्रगति को निरंतर पोर्टल पर अपलोड किया जाये। स्कूलों में योग शुरु करायें। प्रतिदिन योग एवं खेल की गतिविधियाँ हों।
अन्य राज्यों की शिक्षा का करें अध्ययन
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि जिन राज्यों में शिक्षा का स्तर अच्छा हो, वहाँ का अध्ययन कर प्रदेश में लागू करने के प्रयास हों। विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण के लिए पोर्टल बनाया जाये। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला स्तर पर शिक्षा के स्तर की रैंकिंग हो। रैंकिंग से प्रतिस्पर्धा पैदा होगी और शिक्षा के स्तर में सुधार होगा।
🏏 खेल
सीएम राइज स्कूलों को मॉडल के रूप में स्थापित कर शुरु करायें: मुख्यमंत्री चौहान
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि निर्धारित मापदंड के अनुसार शिक्षकों की भर्तियाँ शुरु की जायें।