भोपाल: राज्य के जल संसाधन विभाग के अंतर्गत कार्यरत कमाण्ड क्षेत्र जल कर की वसूली लक्ष्य के अनुसार वसूलने में फिसड्डी साबित हुये हैं। ईएनसी मदन सिंह डावर ने इन कमाण्ड क्षेत्र के मुख्य अभियंताओं से कहा है कि लक्ष्य के अनुसार वसूली न करने वाले कार्यपालन यंत्रियों के खिलाफ कार्यवाही की जाये और आगामी माह में लक्ष्य के अनुसार शतप्रतिशत वसूली की जाये।
ईएनसी ने बताया है कि विभाग के नर्मदा ताप्ती कमाण्ड इंदौर में माह अगस्त 2021 तक के लिये निर्धारित लक्ष्य 8 करोड़ 27 लाख 89 हजार के विरुध्द मात्र 1 करोड़ 9 लाख 19 हजार 900 रुपये की ही वसूली की गई है जोकि लक्ष्य का मात्र 13.19 प्रतिशत है। इसी प्रकार, यमुना कमाण्ड ग्वालियर में 18 करोड़ 61 लाख 24 हजार रुपयों की वसूली के लक्ष्य के विरुध्द मात्र 1 करोड़ 88 लाख 2 हजार रुपये ही वसूल किये गये हैं जोकि लक्ष्य का 10.10 प्रतिशत है। धसान केन कमाण्ड सागर में 12 करोड़ 89 लाख रुपये के विरुध्द मात्र 2 करोड़ 35 लाख 40 हजार रुपये ही वसूल किये गये जोकि लक्ष्य का मात्र 18.26 प्रतिशत है। राजघाट नहर परियोजना दतिया के अंतर्गत 9 करोड़ 44 लाख 46 हजार रुपये के वसूली लक्ष्य के विरुध्द मात्र 1 करोड़ 72 लाख 46 हजार 800 रुपये ही वसूल कियश्े गये जो लक्ष्य का मात्र 18.26 प्रतिशत है।