उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने 125 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है. कांग्रेस ने इस बार महिलाओं को विशेष प्राथमिकता दी है. महिला टिकट में सबसे चर्चित नाम पूनम पांडे और उन्नाव रेप केस में पीड़िता की मां का नाम है. प्रियंका गांधी ने आशा सिंह को टिकट देते हुए कहा कि टिकट इसलिए दिया गया है ताकि वह अपनी लड़ाई खुद लड़ सकें.

कांग्रेस की पहली सूची पेश करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि, आज कांग्रेस ने यूपी चुनाव के लिए अपनी पहली सूची पेश कर दी है. 125 लोगों की पहली सूची में 50 महिलाएं शामिल हैं. "हमारी सूची में कुछ महिलाएं पत्रकार भी हैं". कुछ संघर्षरत महिलाएं भी इस लिस्ट में शामिल हैं. एक सामाजिक कार्यकर्ता भी है. ऐसी महिलाएं भी हैं जिन्होंने बहुत कुछ पीड़ा झेली है. प्रियंका ने कहा, 'हमारी पहली सूची में 40 फीसदी महिलाओं और 40 फीसदी युवाओं को टिकट दिया गया है.

चुनाव के बाद भी यूपी में रहने का ऐलान :

प्रियंका गांधी पर विपक्ष ने चुनावी दौरे पर यूपी आने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा, "मैंने जो प्रयास शुरू किया है, मैं उसे जारी रखूंगी. मैं चुनाव के बाद भी यूपी में ही रहूंगी." अगर हमारी पार्टी कहती है कि हमारी भूमिका कहीं और होनी चाहिए, तो मैं उसका भी पालन करूंगी. हम पार्टी को मजबूत करने के लिए अपने प्रयास जारी रखेंगे.

प्रियंका ने आगे कहा कि, "जब हमने महिलाओं के बारे में बात करना शुरू किया तो सभी पार्टियों ने भी विज्ञापन देना शुरू कर दिया. भाजपा, सपा, रालोद, बसपा सभी ने महिलाओं के लिए कई प्लान तैयार करने शुरू कर दिए। आज यह हमारी एकमात्र सफलता है कि अब महिलाओं की उपेक्षा नहीं की जा सकती है.

पूनम पांडे को भी दिया टिकट :

प्रियंका गांधी ने अपने बयान में आशा बहनों के बेतन का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा, "हमने सोनभद्र नरसंहार के पीड़ितों में से एक रामराज गोंड को भी टिकट दिया है". उसी तरह आशा बहनों ने भी कोरोना महामारी में खूब काम किया. लेकिन उन्हें योगी सरकार में लाठी डंडो से पीटा गया. हमने उनमें से एक पूनम पांडे को टिकट भी दिया है. कांग्रेस महासचिव ने कहा कि, जो महिलाएं पहली बार चुनाव लड़ रही हैं वे संघर्षशील और साहसी महिलाएं हैं. कांग्रेस पार्टी उनका पूरा सहयोग करेगी.