भोपाल। राज्य विधानसभा में अपना सालाना सम्पत्ति विवरण देने में भाजपा विधायक आगे हैं , जबकि कांग्रेस के विधायक पीछे चल रहे हैं। दरअसल पिछली कमलनाथ सरकार के समय 18 दिसम्बर 2019 को विधानसभा में सर्वसम्मति से संकल्प पारित हुआ था कि सभी विधायक हर साल अपना सम्पत्ति विवरण प्रस्तुत करेंगे। यह संकल्प कांग्रेस ने ही अपने वचन-पत्र के पालन के संबंध में लाया था। लेकिन अब इसके पालन में स्वयं कांग्रेस पीछे चल रही है।
वर्तमान विधानसभा के कार्यकाल में अब तक कुल 15 विधायक विधानसभा में अपना सम्पत्ति विवरण प्रस्तुत कर चुके हैं। इनमें नौ भाजपा के विधायक हैं जबकि 6 कांग्रेस के विधायक शामिल हैं। भाजपा के नौ विधायकों में स्पीकर गिरिश गौतम (देवतालाब) ने 20 जून 2021 को तथा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (बुधनी) ने मार्च 2020 को सम्पत्ति विवरण पेश किया है।
इनके अलावा भाजपा विधायक शैलेन्द्र जैन (सागर) ने 31 मार्च 2021 को, प्रद्युम्र सिंह लोधी (बड़ामलहरा) ने दो बार 28 जुलाई 2021 एवं 3 अगस्त 2021 को, नागेन्द्र सिंह गुढ़ (गुढ़) ने 30 जुलाई 2021 को, स्वास्थ मंत्री प्रभुराम चौधरी (सांची) ने 30 जनवरी 2021 को, रामपाल सिंह (सिलवानी) ने दो बार 31 मार्च 2020 एवं 31 मार्च 2021 को, चेतन्य काश्यप (रतलाम) ने 31 मार्च 2020 को तथा श्रीमती लीना जैन (गंजबासौदा) ने 10 जुलाई 2021 को सम्पत्ति विवरण पेश किया है।
जबकि छह कांग्रेस विधायकों में गोविन्द सिंह (लहार) ने 6 मार्च 2021 को, अजय कुमार टण्डन (दमोह) ने 8 जून 2021 को, संजय यादव (बरगी) ने दो बार 30 मार्च 2020 एवं 31 मार्च 2021 को, टामलाल सहारे (कटंगी) ने 31 मार्च 2021 को, आरिफ मसूद (भोपाल मध्य) ने 4 अगस्त 2021 को तथा ग्यारसी लाल रावत (सेंधवा) ने एक बार अपना सम्पत्ति विवरण पेश किया है।