भोपाल। राज्य के वाणिज्यिक कर विभाग ने शराब की बोतलों पर लगने वाले सिक्युरिटी होलोग्राम को बनाने का ठेका एक बार फिर से एक निजी कंपनी को सौंप दिया है जबकि इसे सरकारी कंपनी को दिये जाने का निर्णय लिया गया था।

दरअसल आबकारी आयुक्त ने प्रस्ताव भेजा था कि सिक्युरिटी होलोग्राम यानि एक्साईज एडहेसिव लेबल्स बनाने का काम जिस निजी कंपनी को दिया गया है, उसे चार माह के लिये और यही काम दे दिया जाये। इस पर वाणिज्यिक कर विभाग ने सहमति दे दी है।

विभाग द्वारा इस संबंध में जारी स्वीकृति पत्र में आबकारी आयुक्त से कहा है कि सरकारी कंपनी प्रतिभूति मुद्राणलय हैदराबाद ने एक्साईज एडहेसिव लेबल्स की पर्याप्त आपूर्ति के संबंध में अपने पत्र दिनांक 16 नवम्बर 2021 से अवगत कराया है कि उनके द्वारा माह जनवरी 2022 से ही एक्साईज एडहेसिव लेबल्स की आपूर्ति प्रारंभ की जावेगी एवं माह फरवरी 2022 से ही मांग अनुसार पर्याप्त आपूर्ति की जा सकेगी।

इस आधार पर आपने आगामी 3 माह के लिये वर्तमान में प्रचलित मापदण्डों वाले सिक्योरिटी होलोग्राम की आपूर्ति हेतु वर्तमान निजी प्रदायकर्ता मेसर्स यूफ्लैक्स लिमिटेड, ए-1, सेक्टर-60, नोएडा, उप्र को पूर्व निश्चित शर्तों/दरों पर अनुमत किये जाने का प्रस्ताव किया है, जिससे कि सिक्योरिटी होलोग्राम की निरंतर एवं निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित हो सके एवं किसी प्रकार की आपातकालीन स्थिति निर्मित न हो। वर्तमान प्रदायकर्ता मेसर्स यूफ्लेक्स लिमिटेड द्वारा भी अपने पत्र दिनांक 17 नवम्बर 2021 से इस हेतु सहमति व्यक्त की गई है, इससे विभाग पर किसी प्रकार का वित्तीय भार भी नहीं आयेगा। इसलिये 30 नवम्बर 2021 से आगामी चार माह के लिये होलोग्राम की आपूर्ति हेतु वर्तमान प्रदायकर्ता मेसर्स यूफ्लैक्स लिमिटेड को पूर्व निश्चित शर्तों दरों पर अनुमत किये जाने की अनुमति प्रदान की जाती है।

वाणिज्यिक कर विभाग के उप सचिव आरपी श्रीवास्तव ने बताया कि निजी कंपनी को दिया सिक्युरिटी होलोग्राम बनाने का ठेका 30 नवम्बर 2021 को समाप्त हो गया है तथा सरकारी कंपनी प्रतिभूति मुद्राणलय हैदराबाद अभी सिक्युरिटी होलोग्राम की सप्लाय करने में सक्षम नहीं है, इसलिये निजी कंपनी को ही चार माह के लिये यह ठेका दिये जाने की स्वीकृति दे दी गई है। आगामी 1 अप्रैल 2022 से सरकारी कंपनी ही सिक्युरिटी होलोग्राम का प्रदाय करेगी।