कोलकाता: देश में पिछले कुछ दिनों से कोरोना मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। ऐसी भी आशंकाएं हैं कि ओमिक्रोन वैरिएंट के आने से आने वाले दिनों में मरीजों की संख्या ज्यादा हों सकती हैं। इसीलिए जहां कई राज्यों में नई पाबंदियां लगाई जा रही हैं, वहीं पश्चिम बंगाल सरकार ने आज एक बड़ा फैसला लेते हुए राज्य में मिनी लॉकडाउन लगा दिया है, साथ ही तत्काल नए दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

राज्य के मुख्य सचिव एच. क द्विवेदी ने प्रेस कांफ्रेंस कर नई पाबंदियों की जानकारी दी। द्विवेदी ने कहा कि राज्य के सभी स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, स्पा सेंटर, सैलून, ब्यूटी पार्लर, चिड़ियाघर, मनोरंजन पार्क, स्विमिंग पूल, जिम, पर्यटन स्थल कल (3 जनवरी) से अगले आदेश तक बंद रहेंगे। सरकारी और निजी दफ्तर 50 फीसदी क्षमता पर चलेंगे। उन्होंने कहा कि सभी प्रशासनिक बैठकें वर्चुअल होंगी।

शॉपिंग मॉल, दुकान, बार, रेस्टोरेंट में कुल क्षमता से 50 प्रतिशत की सीमा अनिवार्य होगी। साथ ही रात 10 बजे तक का समय भी तय किया गया है। सिनेमाघरों के लिए भी 50 फीसदी क्षमता और रात 10 बजे तक का समय तय किया गया है। शादी, अंत्येष्टि और सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उपस्थिति 50 लोगों तक सीमित है। लोकल ट्रेन शाम 7 बजे तक 50% क्षमता (सीटों की संख्या के अनुसार) पर चलेंगी। वहीं मेट्रो ट्रेनें 50 फीसदी क्षमता से चलाई जाएंगी। रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक आवश्यक सेवा कर्मियों और वाहनों को छोड़कर, निजी वाहनों और आम नागरिकों पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा।

इस बीच, पिछले कुछ दिनों में पश्चिम बंगाल में कोरोना मरीजों की संख्या में भारी इजाफा देखने को मिला है। राज्य में शनिवार को 4 हजार 512 नए मरीज दर्ज किए गए। कोलकाता नगर निगम क्षेत्र में 2,398 नए मरीज मिले। इसीलिए राज्य सरकार ने राज्य में लॉकडाउन जैसे कड़े प्रतिबंध लगाने के लिए तत्काल कदम उठाए हैं।