भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 1,68,063 नए मामले सामने आए हैं. हालांकि राहत की खबर यह है कि यहां सोमवार के मुकाबले 6.5 फीसदी कम मामले हैं. देश में सोमवार को कोरोना के 1.79 लाख मामले सामने आए थे. भारत में अब तक कोरोना वायरस के 3,58,75,790 मामले सामने आ चुके हैं. देश में ओमिक्रोन मामलों की संख्या बढ़कर 4,461 हो गई है. भारत में सबसे अधिक संक्रमित राज्यों की सूची में महाराष्ट्र सबसे ऊपर है. पिछले 24 घंटे में यहां 33,470 मामले सामने आए हैं. इसके अलावा पश्चिम बंगाल में 19,286, दिल्ली में 19,166, तमिलनाडु में 13,990 और कर्नाटक में 11,698 नए मामले सामने आए हैं.
पिछले 24 घंटे में कोरोना से 277 लोगों की गई जान :
भारत में पिछले 24 घंटों में मिले कुल मामलों में से 58.08% नए मामले इन 5 राज्यों से सामने आए. इसके अलावा अकेले महाराष्ट्र में 19.92% मामले पाए गए हैं. पिछले 24 घंटे में देश में 277 लोगों की मौत हुई है. भारत में अब तक कोरोना महामारी से 4,84,213 लोगों की मौत हो चुकी है. पिछले 24 घंटों में केरल में सबसे ज्यादा मौतें (166) हुई हैं. इसके अलावा दिल्ली में कोरोना से 17 लोगों की मौत हो चुकी है. रविवार को देश में 69,959 मरीज ठीक हुए. अब तक 3,45,70,131 मरीज कोरोना से ठीक हो चुके हैं.
COVID-19 | India reports 1,68,063 fresh cases, 69,959 recoveries & 277 deaths in the last 24 hours
— ANI (@ANI) January 11, 2022
Active case tally reaches 8,21,446. Daily positivity rate (10.64%)
Omicron case tally at 4,461 pic.twitter.com/ikKRh2Xh6G
देश में सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 8,21,446 हो गई है. पिछले 24 घंटों में सक्रिय मामलों की संख्या में 97,827 की वृद्धि हुई है. वहीं, टीकों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में 92,07,700 डोज दी गईं. देश में अब तक 152 करोड़ वैक्सीन डोज दी जा चुकी हैं.
ओमिक्रोन के मामलें 4400 के पार :
देश में ओमिक्रोन के मामले बढ़ रहे हैं. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से मंगलवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक आज देश में ओमिक्रोन मामलों की संख्या बढ़कर 4,461 हो गई है.
दिल्ली की जेल में 100 से ज्यादा संक्रमित :
दिल्ली जेल में अब तक 66 कैदी और 48 जेल कर्मचारी कोविड से संक्रमित हो चुके हैं. जेल के एक अधिकारी ने बताया कि तिहाड़ जेल में 42 कैदी और 34 जेल कर्मचारी, मंडोली जेल में 24 कैदी और 8 जेल कर्मचारी और रोहिणी जेल में 6 जेल कर्मचारी कोरोना से संक्रमित हुए हैं.
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राधा मोहन सिंह कोरोना पॉजिटिव :
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और सांसद राधा मोहन सिंह को भी कोरोना हो गया है. उन्होंने ट्वीट किया, ''कोरोना के शुरुआती लक्षण देखने के बाद मैंने अपना कोविड टेस्ट किया, रिपोर्ट पॉजिटिव आई है.'' मैं इस समय क्वारंटाइन में हूं. लक्षण कम हैं, अब मैं ठीक हूं.