रेस्टोरेंट और बार को बंद करने का फैसला कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप और इसके नए वेरिएंट ओमाइक्रोन में बदलाव के बाद लिया गया है। ग्राहकों को अब रेस्टोरेंट से खाना घर ले जाने की इजाजत होगी। कोई होटल में बैठकर खाना नहीं खा सकेगा। दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की सोमवार को हुई बैठक के बाद यह जानकारी दी गई।
दिल्ली में कोरोना के मामले बढ़ते जा रहे हैं। पिछले 24 घंटे में यहां कोरोना वायरस के 19,166 मामले सामने आए हैं। दिल्ली के लिए यह भी चिंता का विषय है कि कोरोना की तीसरी लहर में बड़ी संख्या में डॉक्टर भी संक्रमित हो रहे हैं। दिल्ली में अब तक 614 से ज्यादा डॉक्टर संक्रमित हो चुके हैं। जो डॉक्टर संक्रमित हुए हैं उनमें दिल्ली एम्स से लेकर सफदरजंग तक के डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ शामिल हैं।
दिल्ली के किस अस्पताल में कितने डॉक्टर संक्रमित हुए ?
दिल्ली के अस्पतालों में बड़ी संख्या में डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ संक्रमित हो रहे हैं। ज्यादातर डॉक्टर होम आइसोलेशन में हैं। कुछ अस्पताल में भर्ती भी हैं। मिली जानकारी के मुताबिक दिल्ली एम्स में अब तक 300 रेजिडेंट डॉक्टर कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। इसके अलावा सफदरजंग में 165 मेडिकल स्टाफ की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
इसके अलावा राम मनोहर लोहिया अस्पताल के 90 मेडिकल स्टाफ छह जनवरी तक संक्रमित हो चुके हैं। वहीं जयप्रकाश लोक नायक अस्पताल में अब तक जूनियर डॉक्टर समेत 29 लोग कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। वहीं, दिल्ली कैंसर स्टेट इंस्टीट्यूट के 10 और राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के 20 डॉक्टर भी संक्रमित पाए गए।