देश के कई राज्यों में डेंगू का कहर बढ़ता ही जा रहा है. अकेले राजधानी दिल्ली में एक हफ्ते में एक हजार से ज्यादा डेंगू के मरीज सामने आ चुके हैं. यूपी में भी 2016 के बाद इस साल सबसे ज्यादा मामले दर्ज किए गए. पंजाब में हालात और खराब हो गए हैं. यहां पेरासिटामोल की कमी बढ़ रही है. राजस्थान में अभी भी डेंगू का कहर जारी है. वहीं, जम्मू-कश्मीर में 1100 और मरीज मिले हैं और यहां डेंगू के मरीजों के लिए विशेष वार्ड बनाए गए हैं.
राजधानी में डेंगू के मामले बढ़ते जा रहे हैं. पिछले हफ्ते यहां 1,171 मामले सामने आए थे, इस साल अब तक दिल्ली में 2,078 मामले सामने आए हैं. दक्षिणी दिल्ली नगर निगम ने कहा कि पिछले सप्ताह तीन लोगों की मौत हो गई, जिससे मरने वालों की संख्या नौ हो गई है.
UP में भी सबसे ज्यादा मामले :
उत्तर प्रदेश में अब तक डेंगू के 23 हजार से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं. स्वास्थ्य मंत्री जयप्रताप सिंह ने कहा कि बीमारी को फैलने से रोकने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं. सबसे ज्यादा मामले फिरोजाबाद, लखनऊ, झांसी, गाजियाबाद और प्रयागराज में पाए गए.
पंजाब में अब तक कम से कम 60 लोगों की मौत :
पंजाब में अब तक डेंगू का सबसे ज्यादा प्रकोप देखने को मिल रहा है. यहां अब तक 18,266 मामले सामने आ चुके हैं और 60 लोगों की मौत हो चुकी है. साल 2017 में 15,398 मामले सामने आए थे. मोहाली, अमृतसर, बठिंडा, होशियारपुर, पठानकोट, मुक्तर और लुधियाना ऐसे जिले हैं जहां डेंगू के मामले रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं. 32 मौतों के साथ मोहाली में सबसे ज्यादा 3,162 मामले दर्ज किए गए.
राजस्थान में डेंगू का कहर :
यहां अब तक 13,000 से ज्यादा मरीज हो चुके हैं और मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है. राज्य के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल सवाई मान सिंह अस्पताल में इस साल डेंगू से 58 मरीजों की मौत हो चुकी है. डॉक्टरों के मुताबिक DANV-2 टाइप डेंगू हाहाकार मचा रहा है.