भोपाल। राज्य सरकार ने डिण्डौरी जिले को पुन: बालाघाट पुलिस जोन एवं रेंज में शामिल कर लिया है। इससे पहले यह शहडोल पुलिस जोन एवं रेंज में सम्मिलित था। इसके लिये राज्य के गृह विभाग ने पुलिस रेगुलेशन बदलाव कर दिया है।

अब बालाघाट पुलिस जोन एवं रेंज में तीन जिले हो गये हैं यथा बालाघाट, मण्डला एवं डिण्डौरी जबकि शहडोल पुलिस जोन एवं रेंज में भी तीन जिले रह गये हैं यथा शहडोल, उमरिया एवं अनूपपुर। यह बदलाव इसलिये किया गया है कि डिण्डौरी जिला भी नक्सल प्रभावित है तथा उसके प्रशासन एवं नियंत्रण के लिये बालाघाट जोन एवं रेंज को ज्यादा सुविधा मिलेगी। अब डिण्डौरी जिले के एसपी का नियंत्रण बालाघाट जोन के पास आ गया है जबकि शहडोल जोन से डिण्डौरी जिला छिन गया है।