नई दिल्ली: विपक्ष के हंगामे के बीच मंगलवार को राज्यसभा में चुनाव सुधार विधेयक 2021 भी पास हो गया। इससे पहले यह बिल लोकसभा में पास हो गया था। कानून और न्याय मंत्री किरण रिजिजू ने राज्यसभा में चर्चा और पारित होने के लिए चुनाव कानून (संशोधन) विधेयक, 2021 पेश किया। विधेयक में आधार कार्ड को मतदाता सूची से जोड़ने का प्रयास किया गया है। हालांकि विपक्ष इसका विरोध कर रहा है।

केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने आज लोकसभा में बाल विवाह निषेध (संशोधन) बिल 2021 पेश किया। इस बिल में युवतियों की शादी की उम्र 18 साल से बढ़ाकर 21 साल करने का प्रावधान है। हालांकि, विपक्ष में भारी हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही बुधवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी।

संसद का शीतकालीन सत्र खत्म होने में अब बस कुछ ही दिन बचे हैं और केंद्र की मोदी सरकार शेष विधेयक को जल्द से जल्द पारित करना चाहती है। राहुल गांधी के अलावा विपक्ष के कई नेताओं ने आज संसद से विजय चौक तक मार्च निकाला।