भोपाल: राज्य सरकार ने प्रदेश में स्थित 2541 देशी शराब तथा 1070 अंग्रेजी शराब की दुकानों (कुल 3611 दुकानों) पर बिना बिल दिये मदिरा बेचने की शिकायत करने के लिये आबकारी अफसरों के मोबाईल नंबर जारी किये हैं। ये अफसर संबंधित जिलों के हैं। इन नंबरों को आबकारी विभाग ने अपने पोर्टल पर प्रदर्शित कर दिया है।

उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार ने शराब की दुकानों में मदिरा का विक्रय करने पर ग्राहक को बिल दिये जाने का प्रावधान किया हुआ है ताकि निर्धारित कीमत से अधिक पर शराब न बेची जा सके। कई दुकानों पर बिना बिल दिये अधिक कीमत पर शराब बेचे जाने की शिकायतें आ रही थीं तथा ग्राहक इसकी शिकायत किससे करें, यह सुविधा उपलब्ध नहीं थी। इसीलिये अब आबकारी अफसरों के नाम एवं उनके मोबाईल नंबर ये शिकायतें करने के लिये जारी किये गये हैं।