मुरैना के हेतमपुर रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार दोपहर दुर्ग-उधमपुर एक्सप्रेस की 4 बोगियों में भीषण आग लग गई। जान बचाने के लिए ट्रेन में सवार सभी लोगों ने छलांग लगा दी। मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड ने आग पर काबू पाया। ट्रेन वैष्णोदेवी से लौट रही थी। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग के कारणों का पता नहीं चल सका है।

गाड़ी संख्या 20484 दुर्ग-उधमपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस का मुरैना-धौलपुर के पास हेतमपुर में कोई ठहराव नहीं है। सिग्नल नहीं होने के कारण ट्रेन आउटर पर रुकी। कुछ यात्रियों ने ए-1 और ए-2 डिब्बों से धुआं निकलते देखा। देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं।

उन्होंने तुरंत 100 नंबर डायल किया और उन्हें इसकी जानकारी दी। दोनों बोगियों में करीब 72 यात्री सवार थे। आग की सूचना मिलते ही सभी यात्री ट्रेन से उतर कर भागने लगे। आग लगने की सूचना मिलते ही कोच ट्रेन से अलग हो गया। घटना में यात्रियों का सामान जल गया।

जलती हुई ट्रेन हेतमपुर रेलवे स्टेशन पर रुकी और ट्रेन में कोहराम मच गया, ग्रामीण भी वहां जमा हो गए। इसी बीच वहां मौजूद लोगों ने जलती हुई ट्रेन का वीडियो बनाना शुरू कर दिया. ट्रेन में सवार यात्रियों को कोई नुकसान नहीं होने पर उन्होंने भी राहत की सांस ली।