सरकार का किसान कार्ड : 1540 करोड़ किसानों के खातों में ट्रांसफर


सीएम बोले- कांग्रेस को तकलीफ क्यों, तरकीब निकालना जरूरी


आज मौका तो था किसान कल्याण योजना के तहत सूबे के 44 जिलों के किसानों के खाते में 1540 करोड़ रूपये ट्रांसफर करने का, लेकिन इसमें चार सीटों पर चल रहे उपचुनाव का असर  भी साफ नजर आया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस मौके पर कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए कहा कि लोगों की बेहतरी की योजनाओं को लेकर कांग्रेस मेरी शिकायतें कर रही है, वह रोकना चाहती है, यह अजब बात है कि देने और लेने वालों के बीच में वह क्यों आ रही है। जबकि यह एक ऑनगोइंग स्कीम है मगर कांग्रेस इसकी भी बुराई कर रही है। ज्ञात हो कि हाल में कई मौकों पर वे कांग्रेस द्वारा की जा रही शिकायतों पर बोल चुके हैं।

 

Image


इस मौके पर शिवराज ने अपनी सरकार के कामकाज व प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बिजली संकट का भी जिक्र किया और कहा कि पूरी दुनिया में यह स्थिति है क्योंकि कोयला खत्म हो रहा है। लिहाजा मप्र सरकार ने तय किया है कि किसान यदि अपने खेतों पर सोलर प्लाट लगाकर बिजली पैदा करेंगे तो बैंक उन्हें लोन भी देंगे और उनकी जरूरत की बिजली लेने के बाद बाकी बिजली सरकार किसानों से खरीद लेगी। शिवराज ने कहा कि हालातों के मुताबिक तरकीब निकालना जरूरी होता है और मप्र सरकार यही कर रही है। अबतक किसानों के खातों में 9 हजार करोड़ रुपए की राशि डाली जा चुकी है।


इस कार्यक्रम में राजस्व मंत्री गोविंद राजपूत ने वर्चुअली भाग लिया, जबकि मंत्री भूपेंद्र सिंह और विधायक रामेश्वर शर्मा कार्यक्रम स्थल मिटो हॉल पर मौजूद थे। योजना के तहत 77 लाख किसानों के खातों में यह राशि सिंगल क्लिक से भेजी गई है। इसमें चुनावी जिलें अभी शामिल नहीं किए गए हैं।