विधानसभा अध्यक्ष के चुनाव को लेकर महाराष्ट्र सरकार और राज्यपाल के बीच तनाव बढ़ रहा है और मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के लिखे पत्र से राज्यपाल भगतसिंह कोश्यारी खफा हैं। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को लिखे पत्र में मौजूदा विधानसभा सत्र में अध्यक्ष का चुनाव कराने की अनुमति मांगी थी। राज्यपाल ने कहा कि पत्र की भाषा धमकी देने वाली थी।
विधानसभा अध्यक्ष के चुनाव के संबंध में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को पत्र लिखकर 27 और 28 तारीख को चुनाव कराने की अनुमति मांगी थी, जिस पर राज्यपाल ने कानूनी सलाह ली और जवाब दिया। हालांकि, उनका दूसरा पत्र तुरंत सीएम कार्यालय से राजभवन भेजा गया, जिसके जवाब में राज्यपाल ने सीएम के पत्र की भाषा और लहजे पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इससे उन्हें दुख पहुंचा है।
बता दें कि विधानसभा अध्यक्ष के चुनाव को लेकर महाराष्ट्र सरकार और राज्यपाल के बीच तनातनी चल रही है। महाराष्ट्र के राज्यपाल ने अध्यक्ष के चुनाव के प्रस्ताव को खारिज कर दिया, क्योंकि महाराष्ट्र सरकार ने नियम समिति द्वारा अध्यक्ष के चुनाव के तरीके को बदल दिया था। इसके बाद राज्यपाल भगतसिंह कोश्यारी ने सीएम उद्धव ठाकरे को पत्र लिखकर मतदान प्रक्रिया में बदलाव को असंवैधानिक बताया।
महाराष्ट्र विधानसभा में अध्यक्ष का पद पिछले साल से खाली है। पहले नाना पटोल विधानसभा के अध्यक्ष थे, लेकिन बाद में कांग्रेस ने उन्हें प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया और उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद महाराष्ट्र सरकार ने विधानसभा के इस शीतकालीन सत्र में राज्यपाल से अध्यक्ष का चुनाव कराने की सिफारिश की थी, लेकिन विपक्षी दल भाजपा ने तरीकों में बदलाव का विरोध किया।