ग्राम सभा ने बैतूल कलेक्टर समेत 29 लोगों को भेजा नोटिस.. गणेश पाण्डेय 
 

भोपाल: बैतूल जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है जो संभवत प्रदेश का ऐसा पहला मामला है जिसमें किसी ग्राम सभा ने भूमि मामले में कलेक्टर सहित लगभग 29 लोगों को नोटिस भेजकर जवाब-तलब किया है. आदिवासी अंचल भीमपुर की पारंपरिक ग्राम सभा बेहड़ाढाना के उप मुकदम  / सचिव मोतीराम ने कलेक्टर को प्रेषित नोटिस में उल्लेख किया है कि आवेदक चिक्कू पिता काडू कुमरे, संतोष पिता माडू कुमरे, रामप्रसाद पिता माडा कुमरे, मोतीराम पिता सुखराम कुमरे व परसराम पिता बिसराम कुमरे सभी आवेदक निवासी भीमपुर द्वारा पारंपरिक ग्राम सभा भीमपुर (बेहडाढाना) में भूमि संबंध वाद प्रस्तुत किया गया.
 
 
 
प्रस्तुत वाद में उल्लेख किया है कि आवेदकगणों के दादाजी स्व.कली पिता हिम्मत जाति गोंड ने मौजा भीमपुर पटवारी हलका नं. 39 , बंदोबस्त नं.540 में स्थित अपने पैतृक हक की भूमि खसरा नं. 192 में से 3.30 एकड़ भूमि जनजाति विधि विरूध अनावेदक कलेक्टर, आदिम जाति कल्याण विभाग को सौंपी गई थी. खसरा नं. 192 में 3.30 एकड़ भूमि लगभग 28 ग्रामीणों के अधिपत्य / कब्जे में है. प्रस्तुत वाद पारंपरिक ग्राम सभा भीमपुर में विचारणीय है. इस मामले में पारंपरिक ग्राम सभा ने कलेक्टर सहित 29 ग्रामीणों से जवाब तलब किया है कि भीमपुर खसरा नं. 192/1, 192/3 एवं 192/3 के अन्य भागों पर आप का कब्जा / अधिपत्य किस विधि अनुसार है, ग्राम सभा ने संबंधित दस्तावेज, लिखित तर्क के साथ 23 अक्टूबर 2021 तक कार्यालय में प्रस्तुत करने की बात कही है. इसके साथ ही संबंधित दस्तावेज एवं लिखित तर्क प्रस्तुत नहीं किये जाने पर एक पक्षीय कार्यवाही करने की चेतावनी दी है.
 
 
 
इन ग्रामीणों को भेजा नोटिस :
 
 
 
पारंपरिक ग्राम सभा ने कलेक्टर आदिम जाति कल्याण विभाग के अलावा ग्रामीण आनन्द पिता बाबूलाल आर्य, लब्बु सिंह पिता सायबू, सम्मल पिता डेबू, नाग्या पिता सोनू, सहदेव पिता भदवा, राजबाला पिता सहादेव, नितिन पिता जीवन, श्रीमती सबाना खान पति इतेखान, अरविंद पिता सोजीलाल, विजय पिता किशोरीलाल, अनिकेत पिता अजय, शेख बिस्मिला पिता शेख रसूल, सहदेव पिता तेजिलाल, जयसिंह पिता खड्डू, राकेश पिता लखनलाल, सुखनन्दन पिता सुखराम, रत्नेश पिता संतोष, राजकुमार पिता हुकुमचन्द्र, दिनेश पिता रामदीन, राजेश पिता सहदेव, प्रवीण पिता हुकुमचन्द, इत्तेखान पिता अहमद हुसैन, प्रभु पिता चिरोंजी, लखन पिता दुर्गाप्रसाद, ज्योति पति भद्रीप्रसाद यादव, शिवनारायण पिता मुन्ना, गणेश पिता रामप्यारे, बबलू पिता चैतराम को नोटिस भेजकर जवाब तलब किया है.