बेमौसम बारिश ने एक बार फिर लोगों को छाता लेकर घर से निकलने को मजबूर कर दिया है। मुंबई में बुधवार को लगातार बारिश हो रही है। मुंबई, ठाणे, पालघर जिलों में कल रात से ही हल्की बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने बुधवार को मुंबई में भारी बारिश का अनुमान जताया है और बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

इस साल नवंबर में भी रिकॉर्ड तोड़ बारिश हुई थी। नवंबर में पिछले 10 सालों में इस तरह की दूसरी भारी बारिश थी। इस साल नवंबर में करीब 30.1 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात दक्षिण-पूर्वी अरब सागर और मालदीव, लक्षद्वीप को प्रभावित कर रहा है। उत्तरपूर्वी अरब सागर और उससे सटे गुजरात क्षेत्र में बना निम्न दबाव का क्षेत्र चक्रवाती हवाओं के साथ अंतःक्रिया कर रहा है। वहीं, यह पूर्व-मध्य अरब सागर में कम दबाव का क्षेत्र बनता जा रहा है। महाराष्ट्र तट के साथ निचले इलाकों में एक ट्रफ रेखा भी चल रही है।

इसके चलते मौसम विभाग ने मुंबई से लेकर दहानू और रत्नागिरी समेत कोंकण तट पर बारिश की संभावना जताई है। अगले 24 घंटों में महाराष्ट्र के तटीय इलाकों में बारिश की संभावना है। भारी बारिश की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को अगले पांच दिनों तक महाराष्ट्र और गोवा के समुद्र में मछली पकड़ने नहीं जाने की सलाह दी है। इसके अलावा अगले 5 दिनों तक समुद्र में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।