नई दिल्ली: भारतीय मौसम विभाग ने केरल और एक केंद्र शासित प्रदेश सहित चार राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताई है। इस संबंध में मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। पिछले कुछ दिनों से तमिलनाडु, केरल और आंध्र प्रदेश में बाढ़ के खतरे के चरम स्तर की घोषणा की गई थी।
इन राज्यों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी :
मौसम विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के अनुसार, केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी के अलावा कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, केरल और तमिलनाडु के दक्षिणी हिस्सों में अगले पांच दिनों में हल्की से भारी बारिश की संभावना है। इस बीच, तमिलनाडु और पुडुचेरी में 25 से 27 नवंबर के बीच मूसलाधार बारिश की संभावना है। आंध्र प्रदेश के यनम और रायलसीमा के अलावा 27 नवंबर को दक्षिणी तटीय इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने 25-26 नवंबर के लिए तमिलनाडु के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है।
Light to moderate scattered/fairly widespread rainfall very likely over Coastal Andhra Pradesh & Yanam, Rayalaseema, South Interior Karnataka, Kerala & Mahe and Tamilnadu, Puducherry & Karaikal during next 5 days.
— India Meteorological Department (@Indiametdept) November 24, 2021
तेज हवा चलने की भी संभावना :
26 और 27 नवंबर को, तमिलनाडु और दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटों और मन्नार की खाड़ी के साथ-साथ दक्षिण-पश्चिम और इससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में तेज़ हवाएँ चलने की उम्मीद है। इस दौरान 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। मौसम विभाग ने मछुआरों को भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण समुद्र में मछली न पकड़ने और समुद्र से दूर रहने की सलाह दी है।
कश्मीर में शीतलहर का प्रकोप :
उत्तरी भारत में तापमान गिरना शुरू हो गया है और ठंड बढ़ती जा रही है। कश्मीर में शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है और तापमान में काफी गिरावट आई है। श्रीनगर में सोमवार रात का न्यूनतम तापमान शून्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जिससे यह अब तक की सबसे ठंडी रात रही। मौसम विभाग के अनुसार, कश्मीर में पिछले कुछ रातों से तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है, इस मौसम में तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री सेल्सियस कम है।