भारत को आजाद कराने में अहम भूमिका निभाने वाले महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे की प्रतिमा लगाई जाएगी। हिंदू महासभा का कहना है कि नाथूराम गोडसे की मूर्ति हरियाणा के अंबाला सेंट्रल जेल से लाई गई मिट्टी से बनाई जाएगी।
महासभा के कार्यकर्ता पिछले सप्ताह अंबाला जेल से मिट्टी लाए थे। गोडसे और नारायण आप्टे को महात्मा गांधी की हत्या के आरोप में 15 नवंबर 1949 को इसी जेल में फांसी दी गई थी। हिंदू महासभा ने सोमवार को यह जानकारी दी। हिंदू महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. जयवीर भारद्वाज ने ग्वालियर में मीडिया से कहा कि इसी मिट्टी से गोडसे और आप्टे की मूर्तियां बनाकर ग्वालियर में महासभा कार्यालय में स्थापित की जाएंगी।
डॉ. भारद्वाज ने कहा कि महासभा के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को मेरठ (उत्तर प्रदेश) के बलिदान धाम में गोडसे और आप्टे की मूर्तियां स्थापित कीं. उन्होंने कहा, "हम हर राज्य में इस तरह के बलिदान मंदिर बनाएंगे।"
भारद्वाज ने आरोप लगाया कि 1947 में देश के विभाजन के लिए कांग्रेस जिम्मेदार थी, जिसके कारण सामूहिक हत्याएं हुईं। इस बीच ग्वालियर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र सिंह तोमर ने बताया कि सोमवार को यहां हिंदू महासभा का कोई सार्वजनिक कार्यक्रम नहीं हुआ। यहां अभी तक कोई मूर्ति नहीं लगाई गई है और पुलिस संगठन की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखे हुए है। 15 अगस्त 1947 को देश आजाद हुआ और 30 जनवरी 1948 की शाम को नाथू राम गोडसे ने महात्मा गांधी के सीने में तीन गोलियां दागीं। इस अपराध के लिए नाथूराम को मौत की सजा सुनाई गई थी और 15 नवंबर 1949 को उन्हें फांसी दे दी गई थी।