रातीबड़ पुलिस ने रविवार शाम कठौतिया के जंगल में नाले से एक महिला और उसके छह महीने के मासूम की सड़ी गली लाश बरामद की थी। पुलिस ने मृतका की पहचान कर सनसनीखेज वारदात का खुलासा किया है। महिला की हत्या उसके सगे पिता और भाई ने मिलकर की थी।
थाना प्रभारी सुदेश तिवारी ने बताया कि 25 साल की महिला बिल्किसगंज इलाके में रहती थी। उसका मायका रातीबड़ इलाके के गांव में है। उसने प्रेम प्रसंग के बाद विवाह किया था। इस बात से उसका पिता नाराज था। महिला का एक छह महीने का बेटा था। दीवाली के दूसरे दिन बेटे की निमोनिया से मौत हो गई। घटना की जानकारी महिला ने अपनी बहन को दी। बहन ने उसे कहा कि मायके पहुंचों बेटे का अंतिम संस्कार कर देंगे। वह बेटे को कपड़े में लपेटकर मायके पहुंची थी।
दीवाली के दूसरे दिन की थी हत्या
दीवाली के दूसरे दिन पाच नवंबर को महिला बच्चे को लेकर रातीबड़ एक कस्बे में अपने मायके पहुंची। यहां उसके पिता और भाई ने अंतिम संस्कार की बात कही और उसे लेकर कठौतिया के जंगल ले गए। पिता ने बेटे से कहा कि वह सड़क पर इंतजार करे। कुछ देर में उसे बुलाएगा। इसके बाद पिता ने अपनी ही बेटी के साथ दुष्कर्म किया।
दुष्कर्म के बाद गला दबाकर कर दी थी हत्या
55 साल के हत्यारे बाप ने हत्या से पहले बेटी से कहा था कि जिस दिन तूने प्रेम विवाह किया था उस दिन से ही तेरा-मेरा रिश्ता खत्म हो गया था। इसके बाद उसने बेटी से नाले में दुष्कर्म किया और अपने 25 साल के बेटे के साथ मिलकर बेटी का गला दबाकर हत्या कर दी।
इस तरह हुआ खुलासा
पुलिस को घटनास्थल से मृतका की अंडरवियर पड़ी मिली थी। पुलिस को संदेह था कि उसकी हत्या से पूर्व उससे शारीरिक संबंध बने हैं। पुलिस मृतका के बारे में जानकारी जुटा रही थी। इस दौरान थाने में दर्ज रिकॉर्ड पर पुलिस की नजर पड़ी। पुलिस के संज्ञान में एक मामला आया। उक्त मामले में मृतका के पति ने मृतका के घर किरायेदार को धमकी दी थी। दरअसल, एक साल पहले मृतिका यहां मायके आई? थी।
पति ने पत्नी से बात करने के लिए मायके में किराये से रहने वाले व्यक्ति को कॉल कर जानकारी मांगी थी। किरायेदार ने जानकारी देने से इंकार किया तो पति ने उसे धमकाया था। वह लगातार कॉल कर उसे धमका रहा था। उक्त मामले की शिकायत किरायेदार ने रातीबड़ पुलिस से की थी। पुलिस ने उस केस पर ध्यान देते हुए किरायेदार से संपर्क किया। इसके बाद पुलिस ने पति के नंबर पर कॉल किया और उससे भी पूछताछ की पति का कहना था कि बच्चे की मौत होने के कारण पत्नी मायके में होगी और कुछ दिन बाद लौट आएगी। पति इस बात से अंजान था कि उसकी पत्नी की हत्या कर दी गई है।