मध्य प्रदेश के गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि, अखिलेश यादव के अंदर औरंगजेब की आत्मा वास कर रही है। इसलिए पहले उन्होंने सत्ता के लालच में अपने पिता व चाचा को राजनीतिक हाशिए पर डाल दिया और अब  PM नरेन्द्र मोदी के काशी दौरे पर बोल रहे हैं। मोदी जी के भाग्य में गंगाजल व अखिलेश के भाग्य में टोटी का जल है।

गृहमंत्री मिश्रा ने कहा- प्रदेश में विदेश से फंडिग पाने वाली सभी संस्थाओं को जांच के दायरे में लिया गया है। अगर ऐसी फंडिग प्राप्त कोई संस्था धर्मांतरण के मामले या देश विरोधी गतिविधियों में लिप्त पाई गई तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि- पंचायत चुनाव में हार के डर से कांग्रेस कंफ्यूज दिखाई दे रही है। एक ओर कमलनाथ जी पंचायत चुनाव को लेकर बैठक कर रहे हैं तो वहीं दूसरी ओर उनके ही सांसद सुप्रीमकोर्ट में केस लड़ रहे हैं। चुनाव कोई भी हो कांग्रेस का हारना तय है।

गृहमंत्री मिश्रा ने कहा- कांग्रेस हमेशा से विभाजनकारी राजनीति कर देश को बांटने की कोशिश करती आई है। हिंदू और हिंदुत्ववादियों को लेकर दिया गया राहुल गाँधी का बयान भी इसी की एक कड़ी है। राहुल आज देश की जनता आपको और आपकी पार्टी को अच्छी तरह समझकर पूरी तरह खारिज कर चुकी है।

उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि- मध्य प्रदेश में अगर किसी ने हिंदू देवी-देवताओं को अपमानित करने वाला शो किया तो उसका स्थान सिर्फ जेल ही होगा। दिग्विजय सिंह को अगर कॉमेडी शो करवाना ही है तो राहुल गाँधी को क्यों नहीं बुला लेते हैं?