भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के बुधनी विधानसभा क्षेत्र (जिला सीहोर) में नर्मदा नदी से प्रेशराईज्ड पाईप प्रणाली से पानी खींचकर आठ हजार हैक्टेयर में सिंचाई होगी। इसके लिये सीप अंबर सिंचाई परियोजना स्वीकृत की गई है।
इस परियोजना से नवंबर 2022 से सिंचाई प्रारंभ होगी। परियोजना से कुल 9 हजार हेक्टेयर में सिंचाई होगी। पूर्व में सीहोर जिले में प्रस्तावित सनकोटा एवं मोगराखेड़ा योजनाओं के स्थान पर यह परियोजना स्वीकृत की गई है। पूर्व की दोनों योजनाओं से कुल प्रस्तावित कमांड क्षेत्र 9 हजार हेक्टर में से 8 हजार हेक्टेयर भूमि की सिंचाई सीप अंबर प्रेशराइज्ड सिंचाई परियोजना से की जाएगी। शेष एक हजार हेक्टेयर की सिंचाई नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण के अंतर्गत निर्माणाधीन छीपानेर उद्वहन परियोजना से होगी।
नई परियोजना से यह होगा लाभ :
नई परियोजना से पूर्व में स्वीकृत सनकोटा एवं मोगराखेड़ा परियोजना के डूब क्षेत्र के अंतर्गत प्रभावित वन भूमि 526.09 हेक्टेयर और 63 परिवारों के विस्थापन की बचत होगी। इसके अलावा बुधनी विस क्षेत्र की नसरुल्लागंज तहसील के 31 ग्रामों के लगभग 5 हजार कृषक लाभान्वित होंगे। रीवा के ठेकेदार मेसर्स विजय कुमार मिश्रा को इस परियोजना का ठेका दिया गया है जोकि 178 करोड़ 21 लाख रुपयों का है। ठेकेदार से 5 करोड़ रुपये परफार्मेन्स गारंटी के तथा चलित देयकों से 5 प्रतिशत राशि सुरक्षा निधि के रुप में ली जायेगी।