भोपाल: राज्य में दो बड़े नौकरशाहों की लड़ाई में 16000 दलित किसानों को विशेष केंद्रीय सहायता योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है. योजना के अंतर्गत भारत सरकार ने 16 करोड रुपए को आवंटित किया है. योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर उद्यानिकी विभाग में प्रमुख सचिव उद्यानिकी कल्पना श्रीवास्तव और आयुक्त उद्यानिकी मनोज अग्रवाल के बीच लंबे समय से 'कोल्डवार' चल रहा है. इसका असर हितग्राहियों को भुगतना पड़ रहा है.

भारत सरकार ने भोपाल, सीहोर, रायसेन, मुरैना, भिंड, ग्वालियर, शिवपुरी, दमोह, बड़वानी, राजगढ़ और विदिशा जिले में अनुसूचित जाति उपयोजना (एससीएसपी ) के लिए  विशेष केंद्रीय सहायता (एससीए) योजना वर्ष 2019-20 अंतर्गत सब्जी प्रदर्शन कार्यक्रम के क्रियान्वयन के संबंध में ₹16 करोड़ दिए है. इस योजना के क्रियान्वयन को लेकर प्रमुख सचिव कल्पना श्रीवास्तव और उद्यानिकी आयुक्त मनोज अग्रवाल के बीच मतभेद हो गए हैं. इसके चलते 16,000 से अधिक दलित किसानों को लाभ नहीं मिल पा रहा है. उद्यानिकी आयुक्त योजना का क्रियान्वयन एमपी कृषि विकास निगम और नाफेड के जरिए कराना चाहते हैं. जबकि प्रमुख सचिव उद्यानिकी कल्पना श्रीवास्तव से सहमत नहीं है. प्रमुख सचिव श्रीवास्तव की यह राय प्याज बीज खरीदी में हुई गड़बड़ी के चलते बनी है. उद्यानिकी आयुक्त मनोज अग्रवाल ने प्याज बीज खरीदी नाफेड के जरिए की थी जिसमें दो करोड़ की गड़बड़ी की शिकायत प्रमुख सचिव को मिली. प्रमुख सचिव ने तत्काल कदम उठाते हुए खरीदी के भुगतान रोकने के आदेश के साथ जांच करने के निर्देश भी जारी कर दिये.

MIDHI में पहली बार खरीदी, उसी में घोटाला :

इस साल उद्यानिकी विभाग ने राष्ट्रीय बागवानी मिशन (National Horticulture Mission) में पहली बार किसानों (Farmers) के लिए प्याज बीज खरीदी की. इसी में घोटाला हो गया. 90 क्विंटल प्याज बीज की खरीदी 2 करोड़ रुपए में की गई है. आरोप है कि यह निर्धारित दर से दोगुने दाम पर खरीदे गए.

यह है जांच के मुख्य बिंदु :

  1. सब्जी बीज बेचने की दरें 1100 रुपए प्रति किलो है तो 2300 रुपए प्रति किलो में बीज क्यों खरीदा गया?
  2. योजना का क्रियान्वयन एमपी एग्रो (MP Agro) के माध्यम से किया जाना था तो फिर दूसरी संस्थाओं से खरीदी क्यों की गई?
  3. आयुक्त सह मिशन संचालक मनोज अग्रवाल ने प्याज बीज खरीदी के लिए विधिवत अनुमोदन कृषि उत्पादन आयुक्त से क्यों नहीं लिया?

इन नियमों की उड़ाई धज्जियां :

  1. उद्यानिकी संचालनालय के 29 सितंबर 2020 को जारी पत्र के अनुसार सब्जी बीज बेचने की दरें (वर्ष 2020-21) 1100 रुपए प्रति किलो है.
  2. उद्यानिकी विभाग के 25 जून 2019 को जारी पत्र के मुताबिक साफ है कि योजना का क्रियान्वयन एमपी एग्रो के माध्यम से किया जाए.
  3. एकीकृत बागवानी विकास मिशन संचालन के नियम स्पष्ट है कि राज्य स्तरीय समिति फैसला लेगी. लेकिन मिशन संचालक ने खुद ही सारे निर्णय ले लिए.