भोपाल: राज्य सरकार ने ग्यारह साल बाद पुलिस थानों, चौकियों एवं विसबल के प्लाटुन के लिये स्टेशनरी (लेखन सामग्री) की दरों में वृध्दि कर दी है।
गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, ग्यारह साल पहले 5 फरवरी 2010 को स्टेशनरी क्रय करने की दरें निर्धारित की गई थीं। अब इनमें मुद्रास्फीति को ध्यान में रखते हुये करीब तीन गुना वृध्दि कर दी गई है। शहरी, अर्धशहरी एवं नगर पंचायत में स्थित पुलिस थानों को पहले स्टेशनरी हेतु 2 हजार रुपये प्रति माह मिलते थे जो अब बढ़ाकर 6 हजार रुपये प्रति माह कर दिये गये हैं।
इसी प्रकार, ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित पुलिस थानों को स्टेशनरी हेतु 1400 रुपये प्रति माह मिलते थे जो अब 4 हजार रुपये प्रति माह मिलेंगे। पुलिस चौकियों को 800 रुपये के स्थान पर अब 2400 रुपये प्रति माह दिये जायेंगे। विशेष सशस्त्र बल के प्लाटुन हेतु भी 800 रुपये के स्थान पर 2400 रुपये प्रति माह स्टैशनरी क्रय करने के लिये दिये जायेंगे। गृह विभाग ने दरों में यह वृध्दि वित्त विभाग की सहमति के बाद जारी की है।