उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के एक बयान पर विवाद खड़ा हो गया है। रविवार को एक जनसभा के दौरान उन्होंने मोहम्मद अली जिन्ना को सरदार पटेल और महात्मा गांधी की तरह आजादी का नायक बताया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके बयान को शर्मनाक और तालिबानी मानसिकता वाला बताया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस बयान के बाद अखिलेश से माफी मांगने को कहा है।

 

 

सीएम योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष ने कल जिन्ना की तुलना सरदार पटेल से की है। यह हमारे देश के लिए शर्म की बात है। यह तालिबान की मानसिकता है जो बंटवारे में यकीन रखते हैं। सरदार पटेल ने देश को एक सूत्र में पिरोया। अखिलेश को अपने बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए।

 

 यूपी के मंत्री मोहसिन रजा ने भी अखिलेश यादव के बयान को अपनी राजनीतिक अपरिपक्वता करार दिया है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को अपने बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए। मोहसिन रजा ने कहा, ''जिन्ना ने देश को दो हिस्सों में बांटने का काम किया है। ऐसे में उसकी महिमा कैसे गाई की जा सकती है ?'' आगे कहा, ओवैसी हो या अखिलेश, दोनों ही मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति कर रहे हैं।

 

 

हरदोई में एक जनसभा को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि सरदार पटेल जमीन को जानते थे और जमीन को देखकर निर्णय लेते थे, उन्हें लौह पुरुष के रूप में जाना जाता था क्योंकि उन्होंने जमीन देखकर ही निर्णय लिया था। सरदार पटेल जी, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू और जिन्ना ने एक ही संस्थान में अध्ययन किया और बैरिस्टर बन गए। एक ही स्थान पर छात्र। वे बैरिस्टर बने, उन्होंने आजादी दी और किसी भी तरह से संघर्ष करना पड़ा तो वे पीछे नहीं हटे।