रामेश्वर शर्मा के निवास पर दिग्विजय सिंह के स्वागत की तैयारी हो रही है। दिग्विजय सिंह ने बीजेपी एमएलए रामेश्वर शर्मा के निवास पर 1 घंटे रामधुन करने का ऐलान किया था।

दिग्विजय सिंह के स्वागत के लिए रामेश्वर शर्मा ने बड़े स्तर पर तैयारी की है।  1000 लोगों के बैठने के लिए टेंट लगाया है साथ ही प्रसाद में पूरी हलवा और सब्जी बांटने की तैयारी की है।

दरअसल रामेश्वर शर्मा ने एक सभा में कहा था कि कांग्रेसी आए तो घुटने तोड़ देंगे। इसके बाद दिग्विजय सिंह ने चैलेंज किया कि मैं घर आऊंगा मेरे घुटने तोड़ें। इसके बाद रामेश्वर शर्मा दिग्विजय सिंह के स्वागत की तैयारी में लग गए।

रामेश्वर शर्मा ने कहा कि दिग्विजय सिंह रामधुन के लिए आ रहे हैं। इसलिए रामधुन की तैयारी करना जरूरी है। जो लोग बाबरी मस्जिद टूटने पर छाती पीट रहे थे यदि वे रामधुन करने आ रहे हैं तो उनका स्वागत करना ही होगा। राम भक्तों का स्वागत करना हमारा धर्म है। रामेश्वर शर्मा ने कुछ दिन पहले हुजूर विधानसभा के कटखेड़ा गांव की जनता को भाषण देते हुए कहा था कि कांग्रेस का आदमी आए तो उसके घुटने तोड़ दो।

रामेश्वर शर्मा ने दिग्विजय सिंह का नाम भी लिया था। दिग्विजय सिंह ने रामेश्वर शर्मा के घर जाने और रामधुन करने की चुनौती दी थी। इसके बाद घुटना तोड़ सियासत स्वागत सत्कार में बदल गई।