आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2021 के सुपर-12 के शुरुआती दस एकतरफा मुकाबलों के बाद शुक्रवार को खेले गये दोनों मैच बेहद रोमांचक रहे। शारजाह में खेले गये पहले मैच में मौजूदा चैंपियन वेस्टइंडीज को पहली जीत नसीब हुई है। रोमांचक मुकाबले में बांग्लादेश को मात्र 3 रनों से हार का मुंह देखना पड़ा। इस मैच का नतीजा आखिरी ओवर में निकला। गौरतलब है कि दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला करो या मरो का था।

इस हार के साथ बांग्लादेश की टीम सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो गयी है। हालांकि इस जीत से वेस्टइंडीज टीम सेमीफाइनल की दौड़ में बनी हुई है, लेकिन उसकी भी उम्मीद बचे हुए मैचों में जीत के बाद दूसरी टीमों की रिजल्ट और नेट रेट के गणित के भरोसे ज्यादा रहेगी। 

इसी दिन खेले गये दूसरे मैच में पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के खिलाफ मुकाबला जीत लिया है। इस टूर्नामेंट में ये बाबर सेना की लगातार तीसरी जीत है। इस जीत के साथ ही पाकिस्तान टीम की सेमीफाइनल में जगह पक्की हो गयी है, इसके पहले पाक टीम ने टीम इंडिया और न्यूजीलैंड को शिकस्त दी थी। दोनों टीमों के बीच खेले गये इस मैच में अफगानिस्तान की टीम भले ही जीत हासिल नहीं कर सकी है, लेकिन जिस तरह का खेल इस टीम ने दिखाया, वह काबिले तारीफ है। उन्होंने दर्शकों का दिल जीत लिया। 

मैच के पहले ये अनुमान लगाये जा रहे थे कि मजबूत पाक टीम यह मैच आसानी से जीत लेगी। वहीं जब टॉस जीतकर अफगानिस्तान टीम ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया तो यह सभी के लिए चोंकाने वाला था। इसकी खास वजह यह थी कि अब तक हुए मैचों में सभी टीमों ने टॉस जीतकर सफल चेस किया था। दरअसल उनका यह फैसला अपनी टीम की ताकत जो मुख्य रूप से उनकी गेंदबाजी है, उसको देखते हुए लिया गया था। 

अफगानिस्तान टीम को यह भी मालूम था कि पाकिस्तान की ताकतवर मजबूत गेंदबाजी के सामने पहले बल्लेबाजी करना आसान नहीं होगा, लेकिन उसके बाद भी लीक से हट के इस टीम ने अपने मजबूत इरादे के साथ यह फैसला लिया। पाकिस्तान के गेंदबाजों ने जब 64 रनों पर आधी टीम और 76 रनों पर 6 विकेट को पवेलियन में पहुंचा दिया, तब ऐसा लगने लगा था कि 100 रनों के भीतर ही टीम ढेर हो जायेगी लेकिन अनुभवी कप्तान नबी और गुलबदीन ने आखिरी 7 ओवर में 72 रनों की भागीदारी कर 148 रनों लक्ष्य देकर पाक टीम को अपने इरादे जता दिए थे। 

पाकिस्तान टीम की बल्लेबाजी की गहराई और हालिया फॉर्म को देखते हुए ऐसा लग रहा था कि आसानी से लक्ष्य हासिल कर लेगी। लेकिन अफगानिस्तान टीम के गेंदबाजों को यह जीत हासिल करने के लिये बहुत मेहनत करना पड़ी। 

आखिरी के कुछ ओवरों में ऐसा लगने भी लगा था, कि ऊंट किसी भी करवट बैठ सकता है। लेकिन यकायक आसिफ अली की धमाकेदार पारी (एक ओवर में 4 छक्के) ने अफगानिस्तान के अरमानों पर पानी फेर दिया। शुक्रवार को खेले गये दोनों मैचों के बाद ऐसा लग रहा है कि 2021 टी 20 वर्ल्ड कप के रोमांचक दौर का आगाज हो गया है।