भोपाल. प्रदेश भाजपा विधायक नारायण त्रिपाठी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर नसीहत दी है कि कोरोना की तीसरी लहर को रोकने के लिए आवश्यक है कि तत्काल अंतर्राष्ट्रीय आवागमन एवं अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा बंद किया जाए. भाजपा के विधायक ने विदेशी मेहमान के स्वागत आयोजन और अपने राजनीतिक कार्यक्रम करने तिलांजलि देने की भी नसीहत दी है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित इस पत्र में भाजपा विधायक ने लिखा है कि पूरे देश में कोरोनावायरस की लहर की आहट से लोग पुनः भयाक्रांत हो रहे हैं. गत 2 वर्षों से देश की जनता ने कोरोना के कारण भयंकर शारीरिक, मानसिक और आर्थिक परेशानियों का सामना किया है. इसके साथ ही अपने स्वजनों को भी खोया है. उन्होंने पत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपेक्षा है कि आसान खतरों को भांपकर वह वैज्ञानिक दृष्टिकोण से विचार कर समुचित इंतजाम कर भारतवासियों की रक्षा करें.

अपने पत्र में विधायक त्रिपाठी ने लिखा है कि विदेशी मेहमानों के लिए स्वागत आयोजन करने और अपने राजनीतिक कार्यक्रम करने के लिए भविष्य में बहुत अवसर मिलेंगे, किंतु कोरोना के आसन्न खतरे से निपटने के लिए हमको ऐसे आयोजनों को तिलांजलि देकर बचाव के समुचित उपाय उचित समय पर करने होंगे. वर्तमान समय की आवश्यकता है कि ईमानदारी से हम शत-प्रतिशत टीकाकरण के लक्ष्य को पूरा करें ताकि इस देश जनता की पूरी सुरक्षा सुनिश्चित हो सके.