भोपाल: मप्र में कोरोना वैक्सीन पर चौकाने वाला खुलासा हुआ है। 70 प्रतिशत ऐसे कोरोना मरीज मिले हैं जिन्होंने कोरोना से बचाने वाली वैक्सीन के दोनों डोज लगवा लिए थे तब भी कोरोना संक्रमित हो गए हैं। खुलासा जुलाई 2021 से अब तक मिले 28 हजार संक्रमितों की रिपोर्ट में है। राहत की बात यह है कि इनमें से 99.9 प्रतिशत संक्रमितों को जान का खतरा नहीं हुआ है। लगभग सभी संक्रमित सुरक्षित है। इनमें से 80 फीसद तक ठीक होकर घर भी चले गए हैं। रिपोर्ट में सामने आया है कि कुल संक्रमितों में से 3.9 प्रतिशत ने कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगवाई थी और वे संक्रमित हो गए थे।

28.3 प्रतिशत ने नहीं लगवाए टीके :

जानकारी के मुताबिक 28 हजार संक्रमितों में से 28.3 प्रतिशत ऐसे हैं जिन्होंने वैक्सीन की एक भी डोज नहीं ली है। इनमें कुछ का इलाज चल रहा है किसी की जान जोखिम में नहीं है। वहीं 70 प्रतिशत संक्रमित, जिन्होंने वैक्सीन की दोनों डोज लगवाई थीं वे अब ठीक है। मप्र स्वास्थ्य विभाग की खुद की रिपोर्ट के मुताबिक यह तथ्य पूरी तरह सही नहीं लग रहा है क्योंकि जिन 28.3 प्रतिशत संक्रमितों ने एक भी डोज नहीं लिए थे उनकी भी जान को खतरा नहीं हुआ है। खैर स्वास्थ्य महकमा अभी अध्ययन कर रहा है और कई नतीजे आने बाकी है। यह प्राथमिक रिपोर्ट है।