भोपाल: राज्य के जल संसाधन विभाग ने एक निजी कंपनी को मध्यभारत की माधवराव सिंधिया वृह्द सिंचाई योजना की डीपीआर बनाने का ठेका 75 लाख 469 रुपये में सौंपा है। यह कंपनी भोपाल की मेसर्स महाना वेन्चर्स है। यह ठेका प्रतिशत दर पर दिया गया है। उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार ने पिछले साल यह योजना मंजूर की थी तथा इस पर अब जाकर काम शुरु हो पाया है।
कंपनी को यह ठेका कतिपय शर्तों के साथ दिया गया है। एक, अनुबंध के पूर्व ठेका राशि की 5 प्रतिशत परफार्मेंस सिक्योरिटी निविदाकार से जमा कराई जावे। दो, कार्य हेतु बजट एवं सभी स्वीकृतियां सक्षम अधिकारी से प्राप्त हो। तीन, निर्धारित माईलस्टोन्स को अनुबंध का अंश बनाया जावे। चार, अनुबंध के पूर्व निविदाकार का लोनिवि द्वारा जारी वैध पंजीयन, इलेक्ट्रिकल लाइसेंस एवं अन्य वांछित दस्तावेज निविदाकार से प्राप्त कर पूर्णत: जांच लिए जावे।
ठेका देने का यह आदेश अनुबंध का अंश होगा। निविदा से संबंधित अनुबंध निर्धारित एवं अब तक संशोधित फार्म में ही तैयार किया जावे एवं अनुबंध की एक-एक प्रमाणित प्रति अनिवार्य रुप से संबंधित कार्यालयों को उपलब्ध कराई जावे।