प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने आज मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि, आज विधानसभा में ‘मध्यप्रदेश लोक एवं निजी संपत्ति को नुकसान का निवारण एवं नुकसानी की वसूली विधेयक-2021' पेश किया जाएगा। शासकीय, सार्वजनिक और निजी संपत्ति को विरोध प्रदर्शन, जुलूस या सांप्रदायिक दंगे के दौरान नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए सरकार वचनबद्ध है।

गृह मंत्री मिश्रा ने आगे कहा, पंचायत चुनाव में OBC आरक्षण को लेकर विधानसभा में मुख्यमंत्री शिवराज जी ने पूरी स्थिति साफ कर दी है, इसलिए अब इस पर कोई संशय नहीं रह जाता है।

उन्होंने कहा कोरोना वैक्सीन को भाजपा की वैक्सीन बताने वाले दिग्विजय सिंह ने पहले भी वैक्सीन पर कई तरह के भ्रम फैलाकर वैज्ञानिकों और प्रधानमंत्री जी पर सवाल उठाए थे। आज देश में रिकॉर्ड वैक्सीनेशन होने से ऐसे लोगों को पीड़ा हो रही है।

कोरोना पर बात करते हुए गृह मंत्री मिश्रा ने कहा, प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 19 नए केस आए हैं जबकि 25 लोग ठीक हुए हैं। वर्तमान में प्रदेश में कुल एक्टिव केस 181, संक्रमण दर 0.03 फीसदी और रिकवरी रेट 98.60 फीसदी है।