भोपाल: राजधानी समेत पूरे राज्य में हवा की दिशा उत्तरी बनी हुई है। उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान गिर रहा है। वहीं, पूरे राज्य में कोहरा छाया हुआ है। राजधानी में कोहरे की वजह से विजिबिलिटी सिर्फ 50 मीटर ही रह गई। सुबह चार बजे से घना कोहरा छाया रहा, सूर्योदय के बाद सात बजे तक जो धीरे-धीरे कम हो गया। राजधानी में रात का तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में 0.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम के जानकार, अजय शुक्ला ने बताया कि वातावरण में नमी बनी हुई है। आसमान साफ है। वहीं, तापमान कम होने के कारण कोहरा भी बना हुआ है। वर्तमान में कोई भी मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है।
जिससे 22 जनवरी तक मौसम का मिजाज ऐसा ही रहने की संभावना है। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान दतिया, ग्वालियर, सागर और गुना में 5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक सोमवार को छतरपुर, सागर, रतलाम और ग्वालियर में शीतलहर चलने की संभावना है। वहीं ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग के जिलों और नरसिंहपुर, सिवनी, बैतूल, भोपाल, इंदौर, धार, खंडवा, रतलाम, शाजापुर, सतना और जबलपुर में अलग-अलग जगहों पर भीषण ठंड पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग की ओर से कोहरे की संभावना भी जारी की गई है। इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने दिए ये निर्देश :
ठंडी हवाएं सर्दी बढ़ा सकती हैं, साथ ही ठंड और भी तेज हों सकती हैं, लेकिन संवेदनशील लोगों के लिए स्वास्थ्य की थोड़ी चिंता है। मौसम विभाग के मुताबिक ज्यादा देर तक ठंड के संपर्क में न रहें। कई सतहों वाले ढीले, हल्के गर्म ऊनी कपड़े पहनें। अपने सिर, कान और शरीर को अच्छी तरह ढक कर रखें, साथ ही ठंडी में गर्म पानी का सेवन करें।