ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बिजली उपभोक्ताओं से बिजली बचाने की आदत बनाने का आग्रह किया है। तोमर ने कहा- कमरे से बाहर निकलते ही लाइट बंद करना न भूलें। जब उपयोग में न हो तो बोर्ड पर लगे स्विच को बंद करके अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों जैसे टीवी, कंप्यूटर आदि को बिजली की आपूर्ति बंद कर दें। तोमर ने कहा कि आपके द्वारा बचाई गई बिजली की थोड़ी सी मात्रा का उपयोग अन्य महत्वपूर्ण कार्यों में किया जा सकता है।
मंत्री तोमर ने कहा कि प्रदेश में 25 नवंबर से शुरू किया गया ऊर्जा साक्षरता ''उषा'' अभियान अपनी तरह का अनूठा अभियान है। जिसके माध्यम से स्कूल-कॉलेज के छात्रों और आम जनता को ऊर्जा बचत के बारे में जानकारी दी जाएगी। आम जनता को ऊर्जा के उपयोग से होने वाले प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष लाभों से अवगत कराया जाएगा।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि उषा अभियान का मुख्य उद्देश्य ऊर्जा की बर्बादी को रोकना है. ऊर्जा के उपयोग के बारे में सार्थक संवाद शुरू करना। ऊर्जा संरक्षण और प्रबंधन के बारे में लोगों को जागरूक करना। अभियान को व्यापक बनाने के लिए स्कूलों और विश्वविद्यालयों में छात्रों को ब्रांड एंबेसडर बनाया जाएगा। ऊर्जा मंत्री ने सभी से ऊर्जा साक्षरता अभियान में शामिल होने और इसे सफल बनाने का आग्रह किया है।