भोपाल: राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अंतर्गत प्रदेशभर में कार्यरत मंडी कार्यालय अपने कर्मियों के वेतमन से काटी जाने वाली अंशदायी पेंशन योजना की राशि की सही जानकारी नहीं भेज रहे हैं। मंडी बोर्ड मुख्यालय ने अपने सभी कार्यालयों के प्रमुखों को सही जानकारी भेजने के लिये ताकीद किया है।
इस संबंध में जारी पत्र में कहा गया है कि राज्य मंडी बोर्ड सेवा में 2005 से नियुक्त अधिकारियो/कर्मचारियो के लिये नवीन पेंशन योजना लागू है, जिनका स्थानांतरण कार्य निष्पादन के दौरान अन्यत्र होता है जिससे वे विभिन्न कार्यालयों (यथा आंचलिक कार्यालय/तकनीकी कार्यालय और मंडी समितियों) में पदस्थ होते हैं। चूंकि उनकी पदस्थी स्थल से ही एनपीएस (नेशनल पेंशन स्कीम) कटौत्रा राशि मुख्यालय को प्रेषित की जाती है। अधिकारियो/कर्मचारियो द्वारा यह संज्ञान में लाया गया है कि कितनी ही बार यह जानकारी त्रुटिपूर्ण या भ्रम पैदा करने वाली होती है, जिससे भेजी गई राशि के संबंध में अस्पष्टता परिलक्षित होती है।
मंडी बोर्ड मुख्यालय ने निर्देश दिये हैं कि आंचलिक कार्यालय/तकनीकी कार्यालय और मंडी समितियों से जानकारी संबंधित अधिकारियो/कर्मचारियो द्वारा मांग किये जाने पर कार्यालय प्रमुख का दायित्व है कि संबंधित कर्मचारियो को उपलब्ध कराई जावे। किसी अधिकारियों/कर्मचारियों द्वारा वेतन से परिभाषित अंशदान/एनपीएस कटौत्रा की जानकारी की मांग की जाती है तो माहवार कटौत्रा, नियोक्ता अंशदान का विवरण पत्रक प्रेषित डीडी कमांक/आरटीजीएस द्वारा प्रेषित यूटीआर क्रमांक दिनांक सहित माहवार विवरण पत्रक तैयार कर उपलब्ध करायें तथा यह जानकारी संबंधित के आवेदन सहित मुख्यालय को अपर संचालक वित्त के ई-मेल पर भी उपलब्ध कराई जाये।