नशे में महिला प्रसाधन में घुसने वाले खेल अधिकारी की दो वेतनवृध्दि रोकी
भोपाल। राज्य के उच्च शिक्षा विभाग ने बैतूल जिले के सारणी में स्थित शासकीय कॉलेज में नशे की हालत में महिला प्रसाधन कक्ष में घुसने वाले खेल अधिकारी एचएस जरिहा को दो वार्षिक वेतनवृध्दि रोकने के दण्ड से दण्डित किया है।
आरोपी पर शराब पीकर महिला प्रसाधन में घुसने एवं प्राचार्य व स्टॉफ को गंदी-गंदी गालियां एवं अपशब्दों का प्रयोग करने तथा बिना अवकाश आवेदन के कर्तव्य से अनुपस्थित रहने संबंधी गंभीर आरोप होने से 1 जुलाई 2016 को निलंबित किया गया था और आरोप पत्रादि जारी किए गए थे।
आरोप-पत्र के जवाब में खेल अधिकारी जरिहा दवारा स्वीकार किया गया था कि उनका स्वास्थ्य खराब होने के कारण विषम परिस्थितियों में महिला प्रसाधान के उपयोग हेतु महाविद्यालय के चपरासी की निगरानी में 3 फरवरी 2016 को सायं 5 बजे गया था। उस समय महाविद्यालय में कोई भी छात्र एवं छात्राएं उपस्थित नहीं थे एवं पुरूष प्रसाधन का कई दिनों से मरम्मत कार्य प्रगति पर था, जिस कारण से उनके पास कोई विकल्प के तौर पर अन्य प्रसाधन नहीं था।
प्रकरण के समग्र परीक्षण से विभाग ने पाया कि आरोपी विलंब से 2 बजे नशे की हालत में आए थे एवं उनके दवारा अत्यधिक शराब पी रखी थी। खेल अधिकारी जरिहा महिला प्रसाधान कक्ष में जबरन घुस गये एवं उन्हें चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ने गेट तोडक़र महिला प्रसाधन से बाहर निकाला गया। जरिहा को महिला प्रसाधान कक्ष से बाहर निकालने पर उनके द्वारा प्रचार्य एवं महाविद्यालय स्टॉफ को गंदी-गंदी गालियां दी गयीं। विभाग ने लोक सेवा आयोग द्वारा दी गयी सहमति के परिप्रेक्ष्य में अंतिम प्रशासकीय निर्णय उपरांत उक्त खेल अधिकारी की दो वेतनवृद्धियां असंचयी प्रभाव से रोकने की शास्ति अधिरोपित की है।
आशा कार्यकर्ता एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ता के खिलाफ अभियोजन की स्वीकृति
भोपाल। राज्य सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने धार जिले के गुजरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ आशा कार्यकत्र्ता गायत्री भिलाला एवं महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता प्रतिभा शर्मा के विरुध्द अभियोजन की स्वीकृति प्रदान कर दी है। दोनों के खिलाफ लोकायुक्त ने भ्रष्टाचार निवारण कानून के तहत प्रकरण दर्ज किया था और जांच में दोनों को दोषी पाया था और शासन से अभियोजन की स्वीकृति मांगी थी। दोनों वर्ष 2014 में एक महिला का गर्भ गिराने के लिये ढाई हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार की गईं थीं।
डॉ. नवीन जोशी
------------