राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नवाब मलिक ने नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के मुंबई जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. नवाब मलिक ने हाल ही में समीर वानखेड़े पर एक ओर गंभीर आरोप लगाया हैं. नवाब मलिक ने एक बार फिर ट्वीट कर समीर वानखेड़े पर हमला बोला है.

महाराष्ट्र सरकार के मंत्री नवाब मलिक ने एक तस्वीर ट्वीट की है. नवाब मलिक ने तस्वीर को ट्वीट करते हुए लिखा कि कबूल है, कबूल है, कबूल है. उन्होंने अपने ट्वीट में आगे लिखा कि ये समीर दाऊद वानखेड़े तुमने क्या किया ?

नवाब मलिक की ओर से ट्वीट की गई इस तस्वीर में टोपी पहने एक व्यक्ति (नवाब मलिक के अनुसार समीर वानखेड़े) कागज के एक टुकड़े पर दस्तावेजीकरण करता नजर आ रहा है. इसे निकाहनामा कहते हैं. मलिक ने अपने खिलाफ मानहानि के मुकदमे के दिन तस्वीर जारी की, जिस पर बॉम्बे हाईकोर्ट में सुनवाई होनी है.

समीर वानखेड़े के पिता ने नवाब मलिक के खिलाफ बॉम्बे हाईकोर्ट में मानहानि का मुकदमा दायर कर 1.5 करोड़ रुपये हर्जाने की मांग की है. समीर वानखेड़े के पिता ने अदालत से नवाब मलिक को सोशल मीडिया पर उनके परिवार के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने से रोकने की मांग की है. बॉम्बे हाईकोर्ट का आज इस मामले में अपना फैसला सुनाने की उम्मीद है.

बता दें कि नवाब मलिक ने समीर वानखेड़े पर मुस्लिम होने का आरोप लगाते हुए दावा किया था कि फर्जी सर्टिफिकेट के आधार पर खुद को अनुसूचित जाति बताकर नौकरी प्राप्त की. नवाब मलिक की टीम ने समीर वानखेड़े के स्कूल एडमिशन फॉर्म और प्राइमरी स्कूल सर्टिफिकेट के सबूत बॉम्बे हाई कोर्ट को सौंपे थे.

नवाब मलिक की टीम ने यह भी दावा किया कि समीर वानखेड़े ने अपने बचाव के लिए जाली प्रमाणपत्र बनाए. समीर वानखेड़े की कानूनी टीम ने समीर वानखेड़े का जन्म प्रमाण पत्र अदालत में पेश किया जिसमें उनका नाम समीर ज्ञानदेव वानखेड़े के रूप में दर्ज है.