लूट के 9 मोबाइल जब्त, चलती ट्रेन में डंडा मारकर करता था लूट...

लूट के मामले में पिता गया जेल, तो बेटा भी करने लगा था लूट की वारदात...

भोपाल: हबीबगंज जीआरपी ने बुधनी घाट पर चलती ट्रेन से लूट करने वाले एक बाल अपचारी से 9 मोबाइल जब्त किए है। बाल अपचारी के पिता को पुलिस दो महीने पहले गिरफ्तार कर चुकी है। फिलहाल आरोपी जेल में है। बाल अपचारी की काउंसलिंग में पता चला कि वह पिता को देखकर वारदात करने लगा था। पुलिस ने दो मोबाइल उनके मालिकों को लौटा दिए है, जबकि 7 अन्य मोबाइल के मालिकों को पता लगा रही है।

गांव में पूछताछ में हुआ खुलासा:

लूट की दो घटनाएं होने के बाद जीआरपी की टीम बुदनी के शालपुर पहुंची थी वहां पूछताछ की गई तो पता चला कि लूट की वारदात करने वाला जेल में है और इन दिनों उसका 14 साल का बेटा अलग-अलग मोबाइल लेकर घूमता है। पुलिस ने बाल अपचारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसके पास से 9 लूटे गए मोबाइल मिले।

पिता को देखकर सीखी थी लूट:

बाल अपचारी से बताया कि उसके पिता जिस समय लूट करते थे उस समय वह भी आसपास मौजूद रहता था। उसने पिता को देखकर ही लूट करनी सीखी थी। वह झाड़ियों में छिपकर ट्रेन के गेट पर बैठे और खड़े उन लोगों पर नजर रखता था, जो मोबाइल पर वीडियो बनाते थे और फिर उनके हाथ पर डंडा मारकर मोबाइल गिरा देता था।

थाना प्रभारी एमएस सोमवंशी ने बताया कि परवेज पिता इमरान (21) ग्राम माधवपुर हजरत पुर, तहसील रुड़की, जिला हरिद्वार ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया था कि अपने दोस्त मोइन के साथ रायपुर से निजामुद्दीन का सफर गोंडवाना एक्सप्रेस में कर रहा था। बुधनी के जंगल में ट्रेन रफ्तार कम हुई और वह जंगल की हंसी वादियों का वीडियो बनाने लगा। इस दौरान किसी ने हाथ पर डंडा मारकर मोबाइल गिराया और लेकर भाग निकला। 

पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर लिया था। इसी तरह की एक अन्य वारदात हुई थी। उक्त वारदात में पुलिस ने एजाज खान पिता अहमद खान (35) अमरावती थाना नागपुरी गेट जलगांव रोड की शिकायत पर लूट का मामला दर्ज किया था। उनके साथ भी गोंडवाना एक्सप्रेस में सफर के दौरान बुदनी घाट के जंगल के पास वारदात हुई थी।