आदिवासी गौरव दिवस कार्यक्रम में कल शामिल होने मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत की तैयारी पूरी हो चुकी है. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान खुद प्रधानमंत्री के स्वागत की तैयारियों में जुटे हैं. शिवराज सरकार के पांच मंत्री प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करेंगे. वहीं, पीएम के साथ मंच साझा करने वाले नेताओं के नाम भी तय हो गए हैं. पीएम मोदी के साथ सीएम शिवराज समेत 16 नेता होंगे. जिसमें से 13 नेता आदिवासी वर्ग से होंगे.

मंच पर आदिवासी संस्कृति की झलक

दरअसल पीएम मोदी के लिए बनाए गए मंच पर आदिवासी संस्कृति की झलक देखी जा सकती है. मंच के जिस हिस्से में गोंड के चित्र बनाए गए हैं, वहीं मंच पर आदिवासियों की वीरता को दर्शाने वाले चित्र भी लगाए गए हैं. आदिवासी परंपरा के अनुसार मंच पर पीएम मोदी का स्वागत भी किया जाएगा. ऐसे में 13 विशेष आदिवासी नेताओं को ही मंच पर रखा गया है. आदिवासी सम्मेलन में मंच को दो हिस्सों में बांटा गया है, जहां 16 नेता बैठेंगे. स्टेज-1 पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और राज्यपाल मंगूभाई पटेल बैठेंगे. वहीं इस कार्यक्रम में 13 आदिवासी नेता स्टेज-2 पर बैठेंगे.

इन नेताओं को मिलेगी जगह

अर्जुन मुंडा, केंद्रीय मंत्री
फग्गन सिंह कुलस्ते, केंद्रीय मंत्री
बिसाहूलाल सिंह, कैबिनेट मंत्री (राज्य सरकार)
विजय शाह, कैबिनेट मंत्री (राज्य सरकार)
मीना सिंह, कैबिनेट मंत्री (राज्य सरकार)
समतिया उइके, राज्यसभा सांसद
सुमेर सिंह सोलंकी, राज्यसभा सांसद
गजेंद्रसिंह पटेल, लोकसभा सदस्य (खरगोन)
हिमाद्री सिंह, लोकसभा सदस्य (शहडोल)
दुर्गादास उइके, लोकसभा सदस्य (बैतूल)
ओमप्रकाश धुर्वे (पूर्व मंत्री)
काल सिंह भावर (अध्यक्ष, अनुसूचित जनजाति मोर्चा, भाजपा, मध्य प्रदेश)
मंच पर होंगे ये सभी नेता, प्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई पटेल भी आदिवासी वर्ग से आते हैं, इस तरह कुल 13 आदिवासी वर्ग के नेता पीएम के मंच पर मौजूद रहेंगे. इसके अलावा केवल मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा मंच पर मौजूद रहेंगे.

शिवराज के पांच मंत्री करेंगे पीएम मोदी का स्वागत
इसके अलावा शिवराज सरकार के पहले पांच मंत्री कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करेंगे. मंत्रियों में जगदीश देवड़ा, भूपेंद्र सिंह, अरविंद भदौरिया, उषा ठाकुर और हरदीप सिंह डंग पीएम का स्वागत करेंगे. हालांकि पीएम मोदी के स्वागत के लिए सीएम शिवराज खुद पहुंचेंगे.