काशी दौरे के दूसरे दिन मंगलवार को वाराणसी में पीएम नरेंद्र मोदी की 'पाठशाला' का आयोजन किया गया। जिसमें बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने शिरकत की। पीएम नरेंद्र मोदी ने इन राज्यों के मुख्यमंत्रियों के काम के बारे में रिपोर्ट कार्ड लिया। इसके अलावा पीएम मोदी ने यूपी चुनाव को लेकर एक बड़ी बैठक भी की, जिसमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव मौर्य और दिनेश शर्मा के साथ उत्तर प्रदेश संगठन के पदाधिकारी, प्रभारी और सह पदाधिकारी शामिल हुए, बैठक वाराणसी के ऑफिसर गेस्ट हाउस में हुई।

इस अवसर पर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, बीएल संतोष, सुनील बंसल, धर्मेंद्र प्रधान, सभी सह पदाधिकारी, संगठन के नेता, वाराणसी भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में यूपी चुनाव की रणनीति और संगठन को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। यूपी में अगले कुछ महीनों में चुनाव होने हैं। ऐसे में सत्तारूढ़ बीजेपी समेत अन्य दलों ने भी रणनीति बनाने में जुट गई है।

मोदी ने सोमवार को काशी विश्वनाथ धाम का उद्घाटन करने के बाद कहा कि सदियों की गुलामी से निर्मित हीन भावना से भारत बाहर आ रहा है। साथ ही उन्होंने बड़े और नए काशी कॉरिडोर का जिक्र करते हुए कहा, ''काशी विश्वनाथ धाम का उद्घाटन देश को एक निर्णायक दिशा देगा और इसे उज्जवल भविष्य की ओर ले जाएगा।'' पीएम ने कहा कि औरंगजेब जैसे आतंकवादियों ने काशी को उखाड़ फेंकने की कोशिश की, लेकिन आतंकवाद के पर्यायवाची शब्द इतिहास के "काले पन्नों" तक ही सीमित रहे, जबकि काशी का प्राचीन शहर एक बार फिर अपने गौरव को एक नया गौरव दे रहा है।