नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की दो नई योजनाओं की शुरुआत की। ये हैं आरबीआई खुदरा प्रत्यक्ष योजना और रिजर्व बैंक-एकीकृत लोकपाल योजना। आरबीआई खुदरा प्रत्यक्ष योजना के तहत खुदरा निवेशक सरकारी प्रतिभूतियों में निवेश कर सकेंगे। इससे उन्हें भारत सरकार और राज्य सरकारों द्वारा घोषित प्रतिभूतियों में सीधे निवेश करने का एक नया तरीका मिल जाएगा।

 

इस योजना के तहत, निवेशक आसानी से आरबीआई के साथ ऑनलाइन और मुफ्त में सरकारी प्रतिभूति खाता खोल सकते हैं। जबकि रिजर्व बैंक-एकीकृत लोकपाल योजना का उद्देश्य भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा विनियमित इकाइयों के खिलाफ उपभोक्ता शिकायतों के समाधान के लिए बेहतर व्यवस्था करना है।

इस मौके पर रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के गवर्नर शक्तिकांत दास, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव भी मौजूद थे। इस अवसर पर बोलते हुए, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, "महामारी के दौरान रिजर्व बैंक ने वित्त मंत्रालय के साथ जिस तरह से काम किया, मैं उसकी सराहना करती हूं।"