दिल्ली सरकार ने लोगों को राहत देने के लिए पेट्रोल के दाम कम किए हैं. वैट घटाने का फैसला बुधवार को कैबिनेट की बैठक में लिया गया, जिसके बाद एक लीटर पेट्रोल 8 रुपये सस्ता हुआ. बैठक में दिल्ली सरकार ने पेट्रोल पर वैट 30 फीसदी से घटाकर 19.40 फीसदी कर दिया. इसके बाद आज रात से पेट्रोल के दाम 8 रुपये कम हो जाएंगे. पेट्रोल की नई कीमत आज आधी रात से लागू हो जाएगी.
Delhi Govt reduces VAT on petrol to 19.40% from 30%, petrol price to reduce by Rs 8 per litre, new rates to come in to effect from midnight today pic.twitter.com/BV0chqRj5V
— ANI (@ANI) December 1, 2021
पेट्रोल और डीजल की कीमतों में इस साल की शुरुआत से ही बढोतरी होती जा रही थी. ईंधन की कीमतों में कई दिनों की बढ़ोतरी के बाद आखिरकार केंद्र सरकार ने दिवाली के मौके पर लोगों को तोहफा दिया था. सरकार ने उत्पाद शुल्क में पांच और दस रुपये की कटौती की थी. इसके बाद पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कमी आई.
NDA शासित अधिकांश राज्यों ने भी केंद्र के फैसले के बाद अपने राज्यों में पेट्रोल और डीजल पर वैट कम कर दिया है. कुछ दिनों बाद पंजाब, राजस्थान और छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने भी ऐसा ही फैसला लिया और लोगों को राहत दी.
करीब एक महीने से जारी है राहत :
कैबिनेट की बैठक सुबह 11.30 बजे हुई. तेल कंपनियों ने भी उत्पाद शुल्क कम करने के बाद पेट्रोल और डीजल के दाम नहीं बढ़ाए. इंडियन पेट्रोलियम मार्केटिंग कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOCL) के अनुसार, 1 दिसंबर को भी पेट्रोल और डीजल की कीमतें स्थिर रहीं.
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 103.97 रुपये प्रति लीटर और मुंबई में 109.98 रुपये प्रति लीटर है. वहीं, दिल्ली में डीजल 86.67 रुपये प्रति लीटर और मुंबई में 94.14 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है. इसके अलावा कोलकाता में पेट्रोल की कीमत 104.67 रुपये है जबकि डीजल 89.79 रुपये प्रति लीटर पर बिक रहा है. चेन्नई में पेट्रोल 101.40 रुपये प्रति लीटर और डीजल 91.43 रुपये प्रति लीटर पर स्थिर है.
हर सुबह होती है, ईंधन की कीमतों की घोषणा :
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत के आधार पर रोजाना पेट्रोल और डीजल की कीमतों की घोषणा की जाती है. तेल कंपनियां हर सुबह 6 बजे ईंधन की कीमतों की घोषणा करती हैं. इन कीमतों के बारे में SMS के जरिए भी पता लगाया जा सकता है. इसके लिए इंडियन ऑयल (IOCL) के ग्राहकों को RSP कोड लिखकर 9224992249 पर भेजना होगा.