नई दिल्ली: देश में 5 राज्यों के चुनावों की घोषणा के साथ ही अब राजनीतिक दलों द्वारा उम्मीदवारों की घोषणा की जा रही है. कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में 125 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है. इस सूची में 50 महिला उम्मीदवार शामिल हैं. साथ ही पंजाब कांग्रेस ने भी 86 उम्मीदवारों की सूची की घोषणा की है. मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और नवजोत सिंह सिद्धू को भी उम्मीदवार घोषित किया गया है.

कांग्रेस ने चमकौर साहिब विधानसभा क्षेत्र से मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और अमृतसर पूर्व सीट से कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू को मैदान में उतारा है. सीएम चन्नी और सिद्धू के अलावा कादियान विधानसभा क्षेत्र से प्रताप सिंह बाजवा, डेरा बाबा नानक से सुखजिंदर सिंह रंधावा और सनोर विधानसभा क्षेत्र से हरिंदर पाल सिंह मान को उम्मीदवार बनाया गया है. पंजाब में भी आम आदमी पार्टी का अच्छा दबदबा है. उसी को देखते हुए यह सूची तैयार की गई है.

प्रधानमंत्री मोदी के पंजाब दौरे के दौरान हुई कथित लापरवाही को लेकर बीजेपी कांग्रेस पर निशाना साध रही है. इसीलिए इस साल के पंजाब चुनाव ने सभी का ध्यान खींचा है. साथ ही दिल्ली की सीमा पर पंजाब के किसानों के आंदोलन के चलते हर कोई यह देखने को उत्सुक है कि यहां के किसान किसे वोट देंगे.