कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर इस साल के अंत तक सभी पात्र लाभार्थियों को कोविड -19 वैक्सीन की दोनों खुराक उपलब्ध कराने के अपने वादे को पूरा नहीं करने के लिए फटकार लगाई। सरकार ने जून में सुप्रीम कोर्ट को बताया था कि इस साल के अंत तक पूरी पात्र आबादी को कोविड-19 वैक्सीन की खुराक उपलब्ध कराने की उम्मीद है। राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए कहा कि, केंद्र सरकार का वादा था कि 2021 के अंत तक सबको दोनों डोज़ वैक्सीन लगाएँगे। आज साल का अंत है- देश अब भी वैक्सीन से दूर, एक और जुमला चकनाचूर!
केंद्र सरकार का वादा था कि #2021 के अंत तक सबको दोनों डोज़ वैक्सीन लगाएँगे।
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) December 31, 2021
आज साल का अंत है-
देश अब भी वैक्सीन से दूर,
एक और जुमला चकनाचूर!#VaccinateIndia pic.twitter.com/9uL0NwIwQc
शुक्रवार दोपहर तक देश भर में कोविड-19 रोधी टीके की 144.67 करोड़ खुराकें दी गईं। 84.51 करोड़ से अधिक लाभार्थियों ने वैक्सीन की पहली खुराक ली है। 60.15 करोड़ से अधिक लाभार्थियों ने दोनों खुराक ली हैं। 18 वर्ष से ऊपर के लाभार्थियों की कुल संख्या 94 करोड़ है। कोरोना महामारी की शुरुआत से अब तक कुल 3 करोड़ 48 लाख 38 हजार लोग संक्रमित हो चुके हैं। जिनमें से 4 लाख 81 हजार 80 लोगों की मौत हो चुकी है। अच्छी बात यह है कि अब तक 3 करोड़ 42 लाख 66 हजार लोग ठीक हो चुके हैं। कोरोना एक्टिव मरीजों की संख्या 82,402 पहुंच गई है। ये लोग अभी भी कोरोना से संक्रमित हैं और इनका इलाज चल रहा है।