कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कृषि कानून को निरस्त करने की घोषणा के बाद ट्वीट कर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि किसानों ने अहंकारी सरकार का सिर झुकाया हैं, जय हिंद, जय किसान।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सुबह 9 बजे राष्ट्र को संबोधित करते हुए तीनों कृषि कानूनों को निरस्त करने की घोषणा की थी। पीएम मोदी ने कहा कि ये कानून कृषि सुधार के लिए लाए गए थे, लेकिन हम कुछ किसानों को राजी नहीं कर पाए, ऐसे में हमने कृषि कानून को वापस लेने का फैसला लिया है।

पीएम नरेंद्र मोदी के फैसले के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए कहा कि देश के किसानों ने सत्याग्रह करके अहंकारी सरकार का सिर झुका दिया है, इस जीत के लिए सभी कों बधाई ! जय हिंद, जय किसान! ” साथ ही राहुल गाँधी ने एक पुराना वीडियो भी शेयर किया जिसमें उन्होंने कहा था कि उन्हें किसानों का पूरा समर्थन है, मुझे इस पर बहुत गर्व है। उन्होंने कहा, मेरे शब्द लिख लीजिए सरकार को किसान विरोधी कानून वापस लेने पड़ेंगे।

कांग्रेस ने ट्वीट किया और लिखा "अभिमान टूट गया, मेरे देश का किसान जीत गया।" सपा प्रवक्ता अनुराग भदौरिया ने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि कृषि कानून के विरोध में 700 से ज्यादा किसान मारे गए। प्रधानमंत्री ने कभी ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कभी किसानों के बारे में नहीं सोचा। लेकिन जब उन्हें पता चला कि वे उत्तर प्रदेश में सत्ता खो रहे हैं तो किसान उन्हे नजर आने लगे है।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का 340 किमी का सफर तय किया। प्रधानमंत्री और बीजेपी ने देखा कि लाखों लोग उनका स्वागत करने के लिए खडे थे। यह महसूस करते हुए कि शक्ति जा रही है, वह सत्ता पाने के लिए डरने लगे है। कृषि कानून भी वापस ले लिया गया। यही लोकतंत्र की ताकत है। इसलिए भारतीय जनता पार्टी को तानाशाही भूल जानी चाहिए। अब भारत में लोकतंत्र चलेगा।