रातोंरात हटा पुराना नाम, यात्री चौंके

हबीबगंज रेलवे स्टेशन से रातो रात पुराना नाम हटाकर रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के बोर्ड लगा दिए गए हैं। यह देख बाहर से आने वाले यात्री चौक रहे हैं। उन्हें समझ ही नहीं आ रहा है कि यह स्टेशन हबीबगंज ही है या कोई दूसरे स्टेशन पर तो नहीं उतर गए हैं। स्टेशन का नजारा ही कुछ ऐसा है। स्टेशन पर दूर-दूर तक हबीबगंज होने के सबूत नहीं मिल रहे हैं। नामकरण व्यवस्था से अंजान यात्री बार-बार पूछताछ कर रहे हैं तो वहीं नाम बदलने की पूर्व से जानकारी रखने वाले यात्री खुश भी है। बोर्ड ने शनिवार को ही जारी कर दिया था

नया कोड: रेलवे बोर्ड ने भी हबीबगंज रेलवे स्टेशन का नाम शनिवार को ही रानी कमलापति स्टेशन कर दिया था। रानी कमलापति के नाम से नया कोड आरकेएमपी भी जारी कर दिया था। नाम बदलने की अधिसूचना मिलते ही रेलवे ने स्टेशन परिसर में रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के नाम के नए बोर्ड लगाने शुरू कर दिए थे। रविवार सुबह तक तक प्लेटफार्म, नए भवन और परिसर में लगे पुराने नाम के बोर्ड को हटाकर नए नाम के बोर्ड लगा दिए गए है। प्रधानमंत्री कल करेंगे लोकार्पणः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 15 नवंबर को स्टेशन का लोकार्पण करेंगे। उसके पूर्व स्टेशन का नाम बदल दिया गया है। अब रानी कमलापति स्टेशन के नाम से ही टिकट बनेंगे। राज्य सरकार के परिवहन विभाग ने शनिवार को केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय को प्रस्ताव भेजा था। केंद्र सरकार ने शाम तक सहमति दे दी थी।