भोपाल: राजधानी के अंदर सड़कों की मरम्मत में भी नागरिकों के साथ भेदभाव किया जा रहा है। वीआईपी इलाकों की सड़कों को पहले ठीक किया जा रहा है। आम सड़कों पर तवज्जो नहीं है। यदि किसी क्षेत्र में आम सड़कें ठीक की भी जा रही हैं तो केवल थेगड़े लगाए जा रहे हैं जबकि वीआईपी इलाकों की सड़कों को एक तरफ से पूरा ठीक किया जा रहा है। आम नागरिकों ने इस भेदभाव पर आपत्ति जताई है।

जागरूक संगठनों के प्रमुखों का कहना है कि सड़कें अच्छे से ठीक करें, राजनीतिक दबाव में आकर आम जनता का नुकसान न करें।

शहर के अंदर यह हो रहा है:

मंत्रालय के आसपास की सड़कें ठीक कर दी है लेकिन हबीबगंज नाका से होशंगाबाद रोड की तरफ जाने वाली सड़कें ठीक नहीं की जा रही है। हबीबगंज नाका से सावरकर सेतु के बीच का हिस्सा तो बहुत ही खराब है। हर घंटे हजारों वाहन गुजर रहे हैं लेकिन उसे ठीक नहीं किया जा रहा है। वही से सावरकर सेतु से एम्स की तरफ जाने वाली अच्छी सड़क को ठीक कर दिया था।

चार इमली क्षेत्र की सड़कें पहले से ठीक-ठाक थी, उन्हें दोबारा से ठीक किया जा रहा है लेकिन पंचशील नगर की सड़कों पर ध्यान नहीं है। कोलार क्षेत्र की सड़कों पर प्रशासन का ध्यान कम है।

ठेंगड़ी भवन चौराहे से स्मार्ट और मानव संग्रहालय की तरफ जाने वाली सड़कों की हालत पहले से अच्छी थी। फिर भी उस क्षेत्र की सड़कों पर नई परत डाली जा रही है। जबकि भेल क्षेत्र, अशोका गार्डन क्षेत्र, पुराने भोपाल की कई सड़कों को मरम्मत की जरूरत है जिन्हें ठीक नहीं किया जा रहा है।